ज्ञान की नई उड़ान, संस्कारों के साथ भविष्य की पहचान: KCC में गूंजा दीक्षारंभ का दमदार संदेश
1 min read



Tirentra Time’s Korba **//**//** कोरबा कम्प्यूटर कॉलेज में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का ‘दीक्षारंभ समारोह-2026’ — शिक्षा के साथ अनुशासन, कौशल और संस्कारों को सफलता की कुंजी बताया
कोरबा। कोरबा शिक्षण समिति द्वारा संचालित एवं अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय से सम्बद्ध कोरबा कम्प्यूटर कॉलेज (KCC) में अकादमिक सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं मार्गदर्शन के लिए ‘दीक्षारंभ समारोह-2026’ प्रवेश उत्सव का आयोजन महाविद्यालय के सभागृह में गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं कोरबा शिक्षण समिति के चेयरमेन राजेश अग्रवाल रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। ज्ञान की देवी मां सरस्वती के पूजन के साथ शुरू हुए इस आयोजन ने विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के नए सफर की सकारात्मक और संस्कारमय शुरुआत का संदेश दिया।

शिक्षा के साथ संस्कार और अनुशासन जरूरी : राजेश अग्रवाल
मुख्य अतिथि राजेश अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अपने जीवन परिचय और अनुभवों को साझा किया। उन्होंने महाविद्यालय की वार्षिक शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियों के साथ-साथ महाविद्यालय की अनुशासन नियमावली की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से कम्प्यूटर एवं प्रबंधन के क्षेत्र में निरंतर मेहनत करते हुए नई ऊंचाइयों तक पहुंचने का आह्वान किया।
उन्होंने NEP-20 के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति का उद्देश्य शिक्षा को अधिक समग्र एवं बहुविषयक बनाना है, जिसमें अकादमिक विषयों के साथ कला, मानविकी, खेल एवं व्यावसायिक कौशल के एकीकरण को बढ़ावा दिया जाता है। विद्यार्थियों से उन्होंने शिक्षा को केवल परीक्षा और डिग्री तक सीमित न रखकर अपने व्यक्तित्व, ज्ञान और कौशल के विकास का माध्यम बनाने का संदेश दिया।
NEP-20 से लेकर रोजगार तक दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
समारोह में नवप्रवेशित विद्यार्थियों को NEP-20 की विस्तृत जानकारी PPT के माध्यम से दी गई। आई.टी., कॉमर्स एवं मैनेजमेंट के पाठ्यक्रमों तथा संपूर्ण सिलेबस की जानकारी महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापक सुरभि कुण्डू एवं सहा. प्राध्यापक सिमरन कौर द्वारा दी गई।
महाविद्यालय के नियम एवं शर्तों की विस्तृत जानकारी काउंसलर श्वेता टंडन ने विद्यार्थियों को दी। वहीं कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए आई.टी., कॉमर्स एवं मैनेजमेंट के क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार की संभावनाओं और करियर के अवसरों की जानकारी वरिष्ठ प्राध्यापक रीना लहरे एवं सहा. प्राध्यापक आस्था सिंह राजपुत ने साझा की।
प्रवेश से लेकर छात्रवृत्ति और परीक्षा आवेदन तक समझाया पूरा सिस्टम
विद्यार्थियों को महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया तथा छात्रवृत्ति, नामांकन, परीक्षा आवेदन एवं शुल्क भुगतान से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी कार्यालय सहा. बालीदास महंत द्वारा दी गई। इसके बाद महाविद्यालय की प्रयोगशालाओं से जुड़े नियम एवं शर्तों की विस्तृत जानकारी सहा. प्राध्यापक कविता यादव ने विद्यार्थियों को प्रदान की।
नए विद्यार्थियों का हुआ परिचय, शिक्षकों ने दिया मार्गदर्शन
समारोह के दौरान सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों का परिचय कराया गया। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन महाविद्यालय की सहा. प्राध्यापक सुरभि राठौर ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के शिक्षकों रीना लहरे, बालीदास महंत, सुरभि कुण्डू, सुरभि राठौर, ईरविन कुमार, सिमरन कौर, श्वेता टंडन, आस्था सिंह राजपुत एवं कविता यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
समारोह के समापन पर राष्ट्रगान हुआ। इस अवसर पर नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए यह संदेश स्पष्ट रहा कि उच्च शिक्षा की राह केवल किताबों और परीक्षाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि ज्ञान के साथ अनुशासन, संस्कार, कौशल और आत्मविश्वास ही उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करते हैं।







