योगासन के महाकुंभ की तैयारी तेज, पंचवटी में जुटे राज्य-जिले के पदाधिकारी



18 से 20 सितंबर तक कोरबा में होगा 3 दिवसीय राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा। छत्तीसगढ़ में योगासन खेल को नई पहचान और प्रतिभावान खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय मंच देने के उद्देश्य से ‘योगासना भारत’ के तत्वावधान एवं छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अंतर्गत 18 से 20 सितंबर 2026 तक कोरबा में 3 दिवसीय राज्य स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता का आयोजन जूनियर क्लब, कोरबा में होगा, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से खिलाड़ी, कोच एवं निर्णायक शामिल होंगे।
आयोजन की तैयारियों को लेकर पंचवटी, कोरबा में राज्य एवं जिला पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें प्रतियोगिता की रूपरेखा, खिलाड़ियों की सहभागिता, खेल व्यवस्था, निर्णायक मंडल, आवास, भोजन एवं अनुशासन सहित अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश में योगासन खेल को बढ़ावा देना, नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। साथ ही योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन एवं मानसिक एकाग्रता को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जाएगा।
बैठक में छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के संयुक्त सचिव शैलेन्द्र विशी, कोषाध्यक्ष भोजेंद साहू, प्रमोद अग्रवाल, दुर्गेश राठौर, सुनील अग्रवाल, इंद्रनारायण जायसवाल, राकेश साहू, सचिन विश्वकर्मा, विनोद रत्नाकर, विंद्रा चौहान, दुर्गेश तिवारी एवं विनीता दीक्षित सहित राज्य एवं जिला स्तर के पदाधिकारी तथा आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
आयोजन समिति ने प्रदेश के सभी योगासन खिलाड़ियों, कोच, निर्णायकों एवं खेलप्रेमियों से प्रतियोगिता में सक्रिय सहभागिता की अपील की है।







