September 5, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे मुख्य अतिथि, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू की अध्यक्षता में होगा आयोजन; पवन साय देंगे मुख्य वक्तव्य
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**  रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा की ओर से आगामी 7 सितंबर को राजधानी रायपुर में संभागस्तरीय प्रबुद्धजन सम्मान एवं कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, साइंस कॉलेज परिसर में होने वाले इस सम्मेलन में रायपुर संभाग के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में सामाजिक प्रतिनिधि, प्रबुद्धजन, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय सम्मेलन के मुख्य वक्ता होंगे। इसके अलावा उपमुख्यमंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री ओ.पी. चौधरी, श्यामबिहारी जायसवाल, लक्ष्मी राजवाड़े और टंकराम वर्मा सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
प्रबुद्धजनों के सम्मान के साथ कार्यकर्ताओं में भरेगा नया जोश
भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अशोक सिन्हा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों को सम्मानित करना और संगठन के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करना है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन, व्यवसाय, कृषि, सामाजिक सेवा और संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली प्रतिभाओं का सम्मान समाज के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है। साथ ही प्रबुद्ध वर्ग और संगठन के बीच संवाद एवं सहभागिता को मजबूत करने पर भी सम्मेलन में विशेष जोर रहेगा।
सम्मेलन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम को लेकर ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। सम्मेलन की सफलता के लिए आमंत्रण, अतिथि समन्वय, स्वागत, मंच एवं बैठक व्यवस्था तथा कार्यकर्ताओं की सहभागिता से जुड़ी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
पत्रकार वार्ता में संभाग प्रभारी चुन्नीलाल साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष देवदत्त साहू, रायपुर जिला अध्यक्ष अखिलेश कश्यप तथा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी श्रवण यदु सहित मोर्चा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.