कटघोरा में परिवार न्यायालय का वर्चुअल शुभारंभ, न्यायिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
1 min read



मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने किया उद्घाटन, पारिवारिक विवादों के मामलों में स्थानीय स्तर पर मिलेगा सुगम न्यायिक मंच
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा, 3 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर के मुख्य न्यायाधीश माननीय न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने कोरबा जिले के व्यवहार न्यायालय कटघोरा में परिवार न्यायालय का वर्चुअल उद्घाटन किया। परिवार न्यायालय की शुरुआत से कटघोरा एवं आसपास के क्षेत्र के नागरिकों को पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों के लिए निकट एवं सुविधाजनक न्यायिक मंच उपलब्ध होगा।
कार्यक्रम में मुख्य न्यायाधीश ने आधुनिक न्यायिक अधोसंरचना, तकनीकी नवाचार और जन-केंद्रित न्याय व्यवस्था पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि परिवार न्यायालय के प्रारंभ होने से स्थानीय स्तर पर नागरिकों को न्यायिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संतोष शर्मा के स्वागत उद्बोधन से हुआ। वर्चुअल उद्घाटन के बाद कटघोरा परिवार न्यायालय की कार्यप्रणाली एवं सुविधाओं पर आधारित संक्षिप्त वीडियो का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के अंत में परिवार न्यायालय कोरबा की प्रधान न्यायाधीश नीता यादव ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सागर चंद्राकर, प्रथम व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी कटघोरा ने कार्यक्रम का संचालन किया। जिले के न्यायिक अधिकारी, छत्तीसगढ़ राज्य विधिज्ञ परिषद के अध्यक्ष रविन्द्र परासर, अधिवक्ता संघ कटघोरा के अध्यक्ष राजेश पाल, अधिवक्तागण एवं न्यायिक कर्मचारी उपस्थित रहे।







