महिलाओं को ‘आधी आबादी’ नहीं, विकास की सबसे बड़ी ताकत बना रही मोदी सरकार : रूपकुमारी चौधरी



लखपति दीदियों से लेकर महतारी वंदन तक—महिला सशक्तिकरण को लेकर भाजपा का बड़ा दावा, 2047 के विकसित भारत में नारी शक्ति की निर्णायक भूमिका
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि विकसित भारत का सपना नारी शक्ति की भागीदारी के बिना पूरा नहीं हो सकता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र सरकार ने योजनाओं की ऐसी श्रृंखला खड़ी की है, जिसने ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को भी आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का रास्ता खोला है।

रायपुर में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए चौधरी ने कहा कि आज की महिला केवल परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यवसाय, राजनीति, खेल, शिक्षा, विज्ञान और अंतरिक्ष तक अपनी क्षमता का लोहा मनवा रही है। सरकार की योजनाओं का परिणाम है कि देश में करीब 3 करोड़ महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनकर आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ी हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला, किसान सम्मान निधि और पीएम सूर्य घर जैसी योजनाओं ने गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को सीधे राहत दी है। वहीं छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन, कृषक उन्नति, दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर योजना, नियद नेल्लानार और सरस्वती साइकिल योजना जैसी योजनाओं को महिलाओं और ग्रामीण परिवारों के लिए महत्वपूर्ण बताया।
चौधरी ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की लड़ाई में महिला शक्ति केवल भागीदार नहीं, बल्कि निर्णायक शक्ति होगी। उन्होंने अपनी नई जिम्मेदारी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के केंद्रीय व प्रदेश नेतृत्व का आभार जताते हुए इसे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव बताया।
पत्रकार वार्ता में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी, प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पाण्डे एवं डॉ. किरण बघेल तथा रायपुर शहर महिला मोर्चा अध्यक्ष कृतिका जैन सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।







