September 25, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

बस्तर के 500 से अधिक स्कूल, चौराहे और सामुदायिक भवन शहीदों के नाम होंगे समर्पित, पहली बार कई दुर्गम गांवों में शान से लहराएगा तिरंगा – विजय शर्मा
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**  रायपुर। स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर छत्तीसगढ़ में राष्ट्रभक्ति की अभूतपूर्व लहर देखने को मिलेगी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेशव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ और ‘तिरंगा यात्रा’ अभियान की भव्य शुरुआत की जा रही है। भाजपा प्रदेश कार्यालय एकात्म परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने अभियान की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए इसे राष्ट्र निर्माताओं, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का ऐतिहासिक अवसर बताया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। इसका उद्देश्य हर नागरिक, विशेषकर युवाओं के मन में राष्ट्रभक्ति, संविधान के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष प्रदेश की सभी 450 से अधिक भाजपा मंडल इकाइयों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों और विकासखंड मुख्यालयों में विशाल तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी।
उन्होंने बताया कि 10 अगस्त को रायपुर के मरीन ड्राइव से सुबह 10 बजे ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा का शुभारंभ होगा, जिसमें मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट, स्काउट्स, पूर्व सैनिक, खिलाड़ी, स्वयंसेवी संस्थाएं, धर्माचार्य और हजारों नागरिक भाग लेंगे। पारंपरिक वेशभूषा, वाद्य यंत्र, घुड़सवार दल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां इस यात्रा को विशेष आकर्षण प्रदान करेंगी।
अरुण साव ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने घरों, दुकानों, संस्थानों और कार्यालयों पर तिरंगा फहराएं तथा सोशल मीडिया पर फोटो और वीडियो साझा कर ‘डिजिटल तिरंगा अभियान’ को भी सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि आजादी अनगिनत बलिदानों की अमूल्य धरोहर है और हर नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रध्वज का सम्मान करते हुए स्वतंत्रता पर्व को पूरे उत्साह से मनाए।

 

पत्रकार वार्ता में उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि इस बार बस्तर में इतिहास रचा जाएगा। जिन दूरस्थ और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में वर्षों तक राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया जा सका, वहां इस स्वतंत्रता दिवस पर पहली बार तिरंगा शान से लहराएगा। उन्होंने बताया कि बीजापुर के 33 गांवों, सुकमा के 50 गांवों और नारायणपुर के 9 गांवों में पहली बार राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।
विजय शर्मा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य बस्तर की पहचान को बदलना है। जो क्षेत्र कभी नक्सली हिंसा के कारण चर्चा में रहते थे, उन्हें अब विकास, शांति और राष्ट्रभक्ति की नई पहचान दिलाई जाएगी। पूवर्ती, सिलगेर और दरभा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में भी तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी और बड़ी संख्या में युवाओं की बाइक रैली आयोजित होगी।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि बस्तर संभाग में 500 से अधिक स्कूलों, प्रमुख चौराहों और सामुदायिक भवनों का नामकरण अमर शहीदों के नाम पर किया जाएगा। साथ ही नक्सल उन्मूलन अभियान में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के परिवारों का सम्मान किया जाएगा तथा उन्हें तिरंगा भेंट कर राष्ट्र की ओर से कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी।
विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दिशा-निर्देश और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बस्तर में सुरक्षा और विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन आया है। इस बार स्वतंत्रता दिवस पर पूरे बस्तर में राष्ट्रध्वज नई ऊर्जा, नए विश्वास और नए भारत के संकल्प का प्रतीक बनेगा।
पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं तिरंगा अभियान के प्रदेश प्रभारी यशवंत जैन, प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय, प्रदेश मंत्री अमित साहू, प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही, जिला महामंत्री अमित मैशेरी, प्रदेश मीडिया सह संयोजक गोविंदा गुप्ता तथा जिला मीडिया प्रभारी रोहित द्विवेदी सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.