प्रदेशभर में तिरंगे के रंग में रंगेगा किसान मोर्चा, 12 अगस्त को ट्रैक्टर, बैलगाड़ी और गेड़ी यात्रा; 30-31 अगस्त को होगी प्रदेश कार्यसमिति बैठक
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**रायपुर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा ने स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में राष्ट्रभक्ति का संदेश देने के लिए 12 अगस्त को ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा, बैलगाड़ी तिरंगा यात्रा और पारंपरिक गेड़ी तिरंगा यात्रा निकालने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही 30 एवं 31 अगस्त को किसान मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेशभर से लगभग 350 पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे।
भाजपा प्रदेश कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने संगठन की मजबूती के लिए नियमित प्रवास पर विशेष जोर देते हुए जिला, मंडल और शक्ति केंद्र स्तर तक लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमित प्रवास से कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ता है और संगठन जमीनी स्तर पर अधिक सशक्त होता है।

बैठक में किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि 12 अगस्त की तिरंगा यात्रा के माध्यम से किसानों और ग्रामीण समाज में राष्ट्रभक्ति का संदेश पहुंचाया जाएगा। वहीं, 30-31 अगस्त को आयोजित प्रदेश कार्यसमिति बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और किसान हित से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा होगी।
बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय, अखिलेश सोनी, किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री राकेश तिवारी तथा किसान मोर्चा की राष्ट्रीय नेत्री पिंकी जी सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने तिरंगा यात्रा और प्रदेश कार्यसमिति बैठक को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।


