भाजपा सहयोग केंद्र बना जनसमस्याओं के समाधान का भरोसेमंद मंच, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सुनीं सैकड़ों कार्यकर्ताओं की बातें



प्रदेश कार्यालय में उमड़ा कार्यकर्ताओं का विश्वास, लगभग 300 कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में 100 से अधिक आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में सोमवार को आयोजित ‘सहयोग केंद्र’ जनसरोकार, संगठनात्मक समन्वय और त्वरित समस्या समाधान का प्रभावी मंच बनकर उभरा। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने सहयोग केंद्र में पहुंचकर प्रदेशभर से आए कार्यकर्ताओं एवं आमजनों से सीधे संवाद किया, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदनों के शीघ्र, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण के स्पष्ट निर्देश दिए।
सहयोग केंद्र में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लगभग 300 कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इस दौरान करीब 100 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें जनहित, प्रशासनिक कार्यों, विकास योजनाओं तथा विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र कुमार वर्मा एवं सहयोग केंद्र प्रभारी सच्चिदानंद उपासने भी उपस्थित रहे। उन्होंने सहयोग केंद्र की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी प्राप्त की।
शासन और संगठन के बीच मजबूत समन्वय का प्रभावी माध्यम
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि सहयोग केंद्र केवल शिकायत दर्ज कराने का मंच नहीं, बल्कि भाजपा सरकार की संवेदनशील कार्यशैली और जवाबदेह प्रशासन का सशक्त माध्यम है। इसका उद्देश्य शासन और संगठन के बीच मजबूत समन्वय स्थापित करना, कार्यकर्ताओं के माध्यम से आम जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ‘अंत्योदय’ के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के पहुंचे और प्रत्येक पात्र नागरिक को समय पर राहत एवं न्याय मिले।
समाधान आधारित व्यवस्था से बढ़ा कार्यकर्ताओं का विश्वास
सहयोग केंद्र में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याओं और सुझावों को सीधे मंत्री के समक्ष रखा। कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों से चर्चा कर समाधान की प्रक्रिया शुरू कराई गई, जबकि अन्य मामलों में समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इससे कार्यकर्ताओं में सकारात्मक संदेश गया और शासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ।
भाजपा का यह सहयोग केंद्र एक बार फिर इस बात का प्रमाण बना कि संगठन और सरकार मिलकर जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं। संवाद, संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की इसी कार्यशैली ने सहयोग केंद्र को प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के लिए भरोसे का सशक्त मंच बना दिया।


