August 1, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत ने विकास कार्यों को दी रफ्तार, लोकार्पण और भूमिपूजन से जनता को मिला भरोसा
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा, 1 अगस्त। नगर पालिक निगम कोरबा के पांच वार्डों में विकास की नई इबारत लिखी गई। शहर के वार्ड क्रमांक 61, 63, 64, 65 एवं 66 में लगभग 76 लाख रुपये की लागत से विभिन्न जनहितैषी विकास कार्यों की शुरुआत और समर्पण के साथ क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात मिली। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, सार्वजनिक उपक्रम एवं आबकारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन तथा महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने संयुक्त रूप से करीब 36.58 लाख रुपये के पूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण तथा लगभग 39.38 लाख रुपये के नए विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
कार्यक्रम में निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। पूरे आयोजन में विकास को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।

 

 

स्कूल से सामुदायिक भवन तक, विकास के कई आयाम
लोकार्पित कार्यों में वार्ड क्रमांक 65 भैरोताल स्थित शासकीय माध्यमिक शाला में लगभग 16.58 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन भवन एवं शौचालय तथा वार्ड क्रमांक 66 पंखादफाई में 20 लाख रुपये की लागत से बने आधुनिक सामुदायिक भवन को जनता को समर्पित किया गया।
वहीं भूमिपूजन किए गए कार्यों में भैरोताल के दुर्गा मंदिर परिसर का छत एवं कांक्रीट निर्माण, खम्हरिया में सांस्कृतिक मंच, कुसमुण्डा प्रोजेक्ट क्षेत्र में बालक-बालिका शौचालय एवं अतिरिक्त कक्ष निर्माण, इमलीछापर-परसाभांठा में मंच निर्माण तथा आनंदनगर में मंच एवं शेड निर्माण जैसे अनेक महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से स्थानीय नागरिकों को शिक्षा, सामाजिक गतिविधियों और मूलभूत सुविधाओं का बेहतर लाभ मिलेगा।
‘छत्तीसगढ़ विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है’ : लखनलाल देवांगन
मुख्य अतिथि उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेज़ी से विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में उद्योगों का विस्तार, रोजगार के नए अवसर, आधारभूत संरचना का विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन एक साथ आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने विकास की गति को नई ऊर्जा दी है और प्रदेश के हर क्षेत्र तक विकास का लाभ पहुँचाने का संकल्प लेकर कार्य किया जा रहा है।
‘हर वार्ड तक पहुंचे विकास, यही हमारी प्राथमिकता’ : संजूदेवी राजपूत
महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य किसी एक क्षेत्र नहीं बल्कि सभी 67 वार्डों का समान विकास है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के सहयोग से निगम क्षेत्र में लगातार नई विकास योजनाओं को स्वीकृति मिल रही है।
उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में विभिन्न मदों से लगभग एक हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत कराए जा चुके हैं। उन्होंने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान और बेहतर नागरिक सुविधाएँ उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
‘कोरबा लगातार विकास की नई पहचान बना रहा है’ : नूतन सिंह ठाकुर
निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत के नेतृत्व में कोरबा निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बिना किसी भेदभाव के सभी वार्डों में जनता की आवश्यकता के अनुसार विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जिससे शहर की आधारभूत संरचना लगातार मजबूत हो रही है।
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की रही उल्लेखनीय उपस्थिति
कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, प्रेम साहू, बहत्तर सिंह कंवर, रामाधार पटेल, जनक सिंह राजपूत, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, मंडल अध्यक्ष मनीष मिश्रा, एल्डरमेन दीपक यादव, जितेन्द्र सिंह, भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश मंत्री भागवत विश्वकर्मा, वरिष्ठ नेता माधव जायसवाल, रामेश्वर वैष्णव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, निगम अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
विकास की रफ्तार बनी विश्वास की पहचान
लोकार्पण और भूमिपूजन के इस कार्यक्रम ने स्पष्ट संकेत दिया कि नगर निगम कोरबा में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, शिक्षा, सामाजिक अधोसंरचना और जनसुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में विकास कार्य लगातार गति पकड़ रहे हैं। आने वाले समय में इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से हजारों नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.