शिक्षण और साहित्य साधना का राष्ट्रीय सम्मान: कोरबा की शिक्षिका अंजु सिंह सोमवंशी को मिली मानद ‘विद्या वाचस्पति (डॉक्टरेट)’ उपाधि
1 min read



शिक्षा जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि, शिक्षण, साहित्य सृजन एवं शोध कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा। शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्राथमिक शाला तुलसीनगर, कोरबा में पदस्थ शिक्षिका अंजु सिंह सोमवंशी को उनके दीर्घकालीन शिक्षण, साहित्य सृजन एवं शोध कार्यों के लिए प्रतिष्ठित ‘विद्या वाचस्पति (डॉक्टरेट)’ की मानद उपाधि से अलंकृत किया गया है। यह सम्मान पंडित दीनदयाल उपाध्याय हिंदी विद्यापीठ द्वारा शिक्षण एवं साहित्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित प्रतिष्ठा तथा शोधपरक कार्यों को मान्यता देते हुए प्रदान किया गया।
यह सम्मान न केवल अंजु सिंह सोमवंशी की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे कोरबा जिले के लिए गर्व और सम्मान का विषय बन गया है। शिक्षा के साथ-साथ साहित्य सृजन में उनके सतत प्रयासों और समाजोपयोगी कार्यों को इस प्रतिष्ठित उपाधि के माध्यम से राष्ट्रीय पहचान मिली है।
अंजु सिंह सोमवंशी लंबे समय से विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, विद्यार्थियों में नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के विकास तथा साहित्य लेखन के माध्यम से समाज में सकारात्मक चेतना फैलाने का कार्य कर रही हैं। उनके विभिन्न शोध एवं साहित्यिक योगदानों को देश-विदेश के मंचों पर सराहा गया है, जिसके आधार पर उन्हें इस प्रतिष्ठित मानद अलंकरण से सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ. अरविंद कुमार, पूर्व कुलपति, रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झांसी रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में ख्यातिप्राप्त योग गुरु हरि भाई आर्यन तथा समाजसेविका श्रुति कृति सिंह उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों ने अंजु सिंह सोमवंशी के शिक्षा एवं साहित्य के क्षेत्र में किए गए कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिक्षकों का सम्मान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद अंजु सिंह सोमवंशी ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार, गुरुजनों, सहकर्मियों, विद्यार्थियों एवं शुभचिंतकों को देते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
कोरबा के शिक्षकों, साहित्यकारों, सामाजिक संगठनों एवं शुभचिंतकों ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए अंजु सिंह सोमवंशी को शुभकामनाएं दीं। सभी ने इसे जिले की शैक्षणिक एवं साहित्यिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाई दिलाने वाली उपलब्धि बताया।


