जनसेवा के समर्पित अधिकारी खगेश निर्मलकर को भावभीनी विदाई, सतरेंगा में सम्मान समारोह आयोजित
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा। कोरबा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) खगेश निर्मलकर के सम्मान में सतरेंगा में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।
समारोह में जनपद पंचायत कोरबा के उपाध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष, जनपद सदस्यगण, सरपंचगण, पंचायत सचिवगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने श्री निर्मलकर के प्रशासनिक कार्यों, जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और पंचायतों के विकास में दिए गए योगदान की प्रशंसा की।

वक्ताओं ने कहा कि श्री निर्मलकर ने अपने कार्यकाल के दौरान शासन की योजनाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने और पंचायतों के विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सरल व्यवहार, कार्यकुशलता एवं जनसरोकारों के प्रति संवेदनशीलता ने उन्हें जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के बीच विशेष पहचान दिलाई।
समारोह के दौरान अतिथियों द्वारा श्री निर्मलकर का शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। विदाई के अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
यह सम्मान समारोह प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय तथा आपसी सम्मान का प्रतीक बनकर यादगार रहा।


