कोरबा के किकबॉक्सरों ने राष्ट्रीय मंच पर लहराया परचम, 32 पदकों की ऐतिहासिक उपलब्धि पर हुआ भव्य सम्मान
1 min read



उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला, कहा – खेल प्रतिभाएं ही विकसित भारत की असली ताकत
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा। ऊर्जाधानी कोरबा के युवा खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा राष्ट्रीय स्तर पर मनवाते हुए जिले और प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता-2026 में शानदार प्रदर्शन कर 32 पदक जीतने वाले सीएमए किकबॉक्सिंग एकेडमी के खिलाड़ियों का गुरुवार को भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं कोरबा जिला प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव ने खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
डीडीएम रोड स्थित सीएमए किकबॉक्सिंग एकेडमी में आयोजित समारोह में खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र एवं हनुमान चालीसा भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों की उपलब्धियों की जमकर सराहना हुई और उन्हें भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित किया गया।
राष्ट्रीय सफलता से बढ़ा कोरबा का मान
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतना केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे जिले और प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि आज भारत में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बना है और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “जो खेलेगा, वो खिलेगा” मंत्र ने लाखों युवाओं को नई दिशा दी है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। राज्य में खेल अधोसंरचना के विस्तार, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने खेलों के विकास के लिए इस वर्ष के बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है और आने वाले समय में प्रदेश में कई बड़े खेल आयोजन भी होंगे।
मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है सफलता
उद्योग, वाणिज्य, श्रम एवं आबकारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त करना साधारण उपलब्धि नहीं है। इसके पीछे वर्षों का कठोर अभ्यास, अनुशासन और संघर्ष छिपा होता है।
उन्होंने कहा कि किकबॉक्सिंग जैसे चुनौतीपूर्ण खेल में पदक जीतना खिलाड़ियों की असाधारण क्षमता को दर्शाता है। खिलाड़ियों को खेल के साथ-साथ अपने संस्कारों और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़े रहने की सीख देते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता तभी सार्थक होती है जब व्यक्ति अपनी जड़ों से जुड़ा रहे। इसी भावना के साथ खिलाड़ियों को हनुमान चालीसा भेंट की गई है।
खिलाड़ियों की उपलब्धि पर गदगद हुए अभिभावक
समारोह के दौरान खिलाड़ियों के सम्मान के साथ-साथ उनके प्रशिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका को भी सराहा गया। उपस्थित अभिभावकों ने कहा कि बच्चों की मेहनत और कोचों के मार्गदर्शन ने यह सफलता संभव बनाई है। खिलाड़ियों के सम्मान के दौरान पूरे परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।

राष्ट्रीय से अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का संकल्प
कार्यक्रम में उपस्थित खिलाड़ियों ने भी भविष्य में और अधिक मेहनत कर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करने का संकल्प व्यक्त किया। उपमुख्यमंत्री श्री साव ने खिलाड़ियों से कहा कि वे अपने प्रदर्शन को निरंतर बेहतर बनाते हुए छत्तीसगढ़ और भारत का नाम विश्व पटल पर रोशन करें।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
सम्मान समारोह में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह कंवर, प्रेस क्लब अध्यक्ष नौशाद खान, जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, किकबॉक्सिंग समिति के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 32 पदकों की शानदार उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि कोरबा की युवा प्रतिभाएं केवल राज्य ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय खेल जगत में भी अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं। यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और जिले में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।


