August 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

जानलेवा हमले के बाद चला बुलडोजर! आरोपी रज्जाक अली के कथित अवैध निर्माणों पर प्रशासन का बड़ा प्रहार

1 min read

 

 

भाजपा के पूर्व बालको मंडल अध्यक्ष पर हमले के बाद सख्त एक्शन, सीतामणी में नगर निगम और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई; सरकारी जमीन पर निर्माण को लेकर उठे कई सवाल
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा, 28 जून। भाजपा के पूर्व बालको मंडल अध्यक्ष शिव बालक सिंह तोमर पर हुए जानलेवा हमले के बाद जिला प्रशासन ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी एवं पूर्व जनपद उपाध्यक्ष रज्जाक अली के सीतामणी स्थित कथित अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चला दिया। सुबह से ही नगर निगम, राजस्व विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था के बीच ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया, जबकि बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर मौजूद रहे।

 

 

प्रशासन के अनुसार जांच में जिन निर्माणों को कथित रूप से अवैध पाया गया, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। बुलडोजर की सहायता से निर्माण के उन हिस्सों को हटाया गया जिन्हें नियमों के विपरीत बताया गया। पूरे अभियान के दौरान प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व भाजपा के पूर्व बालको मंडल अध्यक्ष शिव बालक सिंह तोमर पर प्राणघातक हमला हुआ था। घटना के बाद प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ नेता अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने पीड़ित से मुलाकात कर घटना की कड़ी निंदा की थी तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया था।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रज्जाक अली सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इसके बाद प्रशासन ने आरोपी से जुड़े कथित अवैध निर्माणों की जांच प्रारंभ की और रविवार को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।

 

 

 

इस कार्रवाई के बाद शहर में एक बड़ा सवाल भी चर्चा का विषय बना हुआ है कि यदि संबंधित निर्माण वास्तव में सरकारी भूमि पर या नियमों के विरुद्ध बना था, तो यह वर्षों तक कैसे खड़ा रहा? क्या संबंधित विभागों को इसकी जानकारी नहीं थी, या समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई? इन सवालों को लेकर आमजन के बीच चर्चा तेज है। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन की विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया अभी सामने आना शेष है।
प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, भाजपा नेता पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस की विवेचना भी जारी है और प्रकरण से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
रविवार की यह कार्रवाई पूरे जिले में चर्चा का विषय रही। लोगों ने इसे कानून के राज और प्रशासन की सख्ती के रूप में देखा, जबकि मामले की आगे की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.