डिजिटल युग में संगठन को मिलेगी नई ताकत: भाजपा किसान मोर्चा कोरबा की कार्यशाला में कार्यकर्ताओं को मिला डिजिटल प्रशिक्षण का मंत्र



‘मोबाइल को बनाइए संगठन की शक्ति, सोशल मीडिया से पहुंचाइए सरकार की योजनाएं घर-घर’ — भानुप्रताप
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा, जिला कोरबा ने संगठन को डिजिटल रूप से और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के लिए डिजिटल प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया। जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसान मोर्चा जिला कोरबा के प्रभारी भानुप्रताप के प्रथम कोरबा प्रवास के अवसर पर डिजिटल तकनीक, सोशल मीडिया प्रबंधन और संगठनात्मक संवाद को मजबूत बनाने के गुर सिखाए गए।
कार्यशाला में संगठन के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को आधुनिक डिजिटल माध्यमों से जोड़ते हुए संगठन की विचारधारा, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ संगठनात्मक परिचय एवं स्वागत उद्बोधन के साथ हुआ। किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष रामनारायण शराफ ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आज का दौर डिजिटल क्रांति का है और संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता यदि तकनीक के साथ स्वयं को जोड़ ले तो संगठन की पहुंच कई गुना बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज जनसंपर्क का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है और इसके माध्यम से सरकार की उपलब्धियों एवं किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है।
भाजपा जिला महामंत्री संजय शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सूचना का सबसे प्रभावी माध्यम डिजिटल प्लेटफॉर्म बन चुका है। ऐसे में प्रत्येक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह सोशल मीडिया का जिम्मेदारी, सकारात्मकता और तथ्यात्मकता के साथ उपयोग करे, ताकि संगठन की गतिविधियां और जनहित के कार्य समाज तक प्रभावी ढंग से पहुंच सकें।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान दीपक चावड़ा ने डिजिटल मीडिया के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत एवं व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने फेसबुक, एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग, आकर्षक कंटेंट तैयार करने, फोटो एवं वीडियो पोस्टिंग, रील निर्माण, हैशटैग के सही उपयोग, डिजिटल अभियान संचालन, साइबर सुरक्षा, फेक न्यूज की पहचान तथा संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखते हुए सोशल मीडिया संचालन के बारे में विस्तार से प्रशिक्षण दिया। साथ ही कार्यकर्ताओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराने के व्यावहारिक तरीके भी बताए।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं किसान मोर्चा जिला कोरबा के प्रभारी भानुप्रताप ने कहा कि आज संगठन की मजबूती केवल जमीनी सक्रियता से नहीं, बल्कि डिजिटल मंचों पर प्रभावी उपस्थिति से भी तय होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने मोबाइल फोन को केवल संचार का साधन नहीं, बल्कि संगठन की सेवा का सशक्त माध्यम बनाएं। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, किसानों के हित में लिए गए निर्णयों और संगठन की गतिविधियों को प्रमाणिक तथ्यों के साथ नियमित रूप से सोशल मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि डिजिटल रूप से प्रशिक्षित कार्यकर्ता भविष्य में संगठन की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरेंगे।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री संजय शर्मा, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष रामनारायण शराफ, विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्ष विजय राठौर, कुल सिंह कंवर, राजेश राठौर, प्रीति स्वर्णकार, अजय चंद्रा, मोंटी पटेल, उदय श्रीवास्तव, दीपक चावड़ा, कीर्ति कश्यप सहित किसान मोर्चा एवं भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्ष, संयोजक, मंडल अध्यक्ष, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को डिजिटल रूप से और अधिक मजबूत बनाने, सोशल मीडिया पर सक्रिय रहकर संगठन की विचारधारा तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और आगामी संगठनात्मक अभियानों में पूरी निष्ठा एवं सक्रियता के साथ सहभागिता निभाने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने इस प्रशिक्षण कार्यशाला को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर बल दिया।


