August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

छत्तीसगढ़ को मिले अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अमित शाह से किया आग्रह

1 min read

 

दिल्ली में हुई अहम मुलाकात, आयुर्वेद, अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर हुई चर्चा
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* नई दिल्ली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) की स्थापना का प्रस्ताव रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ औषधीय वनस्पतियों, प्राकृतिक संसाधनों और जनजातीय पारंपरिक चिकित्सा ज्ञान से समृद्ध राज्य है, इसलिए यहां AIIA की स्थापना आयुर्वेद चिकित्सा, शिक्षा और अनुसंधान को नई दिशा दे सकती है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नई दिल्ली और गोवा में संचालित AIIA संस्थान देश में आयुर्वेद आधारित स्वास्थ्य सेवाओं और शोध के उत्कृष्ट केंद्र बन चुके हैं। उन्होंने केंद्रीय बजट 2026 में घोषित तीन नए आयुर्वेद संस्थानों में से एक छत्तीसगढ़ को देने का आग्रह किया।
श्री साय ने कहा कि संस्थान की स्थापना से प्रदेशवासियों को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं, युवाओं को अध्ययन एवं अनुसंधान के अवसर तथा प्रदेश को स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी। इसका लाभ केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि मध्य भारत के अन्य राज्यों को भी प्राप्त होगा।
मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने बस्तर सहित राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी केंद्रीय गृह मंत्री को दी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में विकास और जनकल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.