June 18, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा पावर प्लांट में कथित चोरी की कोशिश नाकाम, सुरक्षा कर्मियों ने संदिग्धों को पकड़ा; पुराने मामलों से जुड़ सकती है जांच

 

तिलकेजा क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच कार्रवाई से बढ़ी चर्चा, पुलिस जांच पर टिकी ग्रामीणों की नजर
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा। ग्राम पंचायत तिलकेजा और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बीच एक नया घटनाक्रम सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोरबा पावर प्लांट (पतरापाली क्षेत्र) में कथित चोरी की कोशिश को सुरक्षा कर्मियों ने समय रहते विफल कर दिया और कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़कर संबंधित एजेंसियों के हवाले किया।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों तथा अन्य स्थानों पर चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं। इनमें शासकीय विद्यालय से पंखे, प्रोजेक्टर और अन्य सामान चोरी होने जैसी घटनाओं को लेकर भी गांव में चर्चा रही है। हालांकि इन मामलों में अब तक पुलिस द्वारा किसी व्यक्ति को दोषी घोषित नहीं किया गया है और जांच जारी है।
पुरानी घटनाओं की जांच की उठी मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने मांग की है कि हाल ही में पकड़े गए संदिग्धों से पूछताछ कर क्षेत्र में हुई पुरानी चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जाए। ग्रामीणों का मानना है कि यदि जांच गहराई से की जाए तो कई अनसुलझे मामलों का खुलासा हो सकता है।
पुलिस जांच के बाद ही होगा खुलासा
स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर लंबे समय से चिंता बनी हुई थी। अब सभी की निगाहें उरगा पुलिस की जांच पर टिकी हैं। पुलिस जांच पूरी होने और आधिकारिक पुष्टि के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हालिया घटनाओं का संबंध पुराने मामलों से है या नहीं।
ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता
लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के कारण ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और लंबित मामलों का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है।
महत्वपूर्ण: इस मामले में किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध आरोप अभी जांच के दायरे में हैं। किसी को दोषी मानना न्यायिक एवं पुलिस प्रक्रिया पूरी होने से पहले उचित नहीं है। पुलिस जांच और आधिकारिक निष्कर्ष के बाद ही तथ्यों की अंतिम पुष्टि होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.