June 18, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

‘12 साल बेमिसाल’ प्रदर्शनी में दिखी नए भारत की तस्वीर, मोदी सरकार की उपलब्धियों से रूबरू हुए हजारों नागरिक

 

 

कोरबा में तीन दिवसीय भव्य प्रदर्शनी का शुभारंभ, विकास, सुशासन और जनकल्याण की गाथा को किया गया प्रदर्शित
कोरबा। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने तथा देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के ऐतिहासिक अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा द्वारा “12 साल बेमिसाल” तीन दिवसीय विशेष प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ किया गया। कोसाबाड़ी मंडल अंतर्गत निहारिका स्थित स्मृति उद्यान के समीप आयोजित इस प्रदर्शनी ने पहले ही दिन नागरिकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

 

 

भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ सेवा और समाजसेवा के क्षेत्र में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित लखनी साहू द्वारा फीता काटकर किया गया। प्रदर्शनी स्थल पर प्रवेश करते ही आगंतुकों को पिछले 12 वर्षों में भारत के बदलते स्वरूप, विकास की नई ऊंचाइयों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावशाली झलक देखने को मिली।
विकास, आत्मनिर्भरता और सुशासन की झलक
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विगत 12 वर्षों के दौरान देश में हुए ऐतिहासिक परिवर्तन, आधारभूत संरचना के अभूतपूर्व विस्तार, आत्मनिर्भर भारत अभियान, डिजिटल क्रांति, महिला सशक्तिकरण, गरीब कल्याण, किसान हितैषी योजनाओं, युवाओं के लिए अवसरों के सृजन तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण उपलब्धियों को आकर्षक चित्रों, जानकारीपूर्ण प्रदर्शों और दस्तावेजों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।

 

प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे नागरिकों ने विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा भारत के विकास के सफर को करीब से समझने का अवसर मिला। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, डिजिटल इंडिया, वंदे भारत ट्रेन, नए एक्सप्रेस-वे, आधुनिक हवाई अड्डों और आत्मनिर्भर भारत अभियान जैसी प्रमुख उपलब्धियों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया।
जनभागीदारी से सशक्त हो रहा विकसित भारत का संकल्प
कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी एक नई पहचान बनाई है। सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की नीति ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। विकसित भारत का संकल्प केवल सरकार का नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की सामूहिक भागीदारी और समर्पण का परिणाम है।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर रायपुर संभाग सह-प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, प्रदेश मंत्री ऋतु चौरसिया, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक चौलानी, जिला उपाध्यक्ष मंजू सिंह, योगेश जैन, रुक्मणि नायर, कोसाबाड़ी मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर, वरिष्ठ भाजपा नेत्री ज्योति वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रकाश अग्रवाल सहित विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्ष डॉ. विजय राठौर, प्रीति स्वर्णकार, अंजना सिंह, करन राजपाल, सौरभ दुबे, धनसाय साहू, श्याम साहू, अजय चंद्रा तथा भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
विकास यात्रा को समझने का अवसर
तीन दिवसीय यह प्रदर्शनी केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत की विकास यात्रा, जनकल्याण और सुशासन के उस मॉडल का जीवंत दस्तावेज है जिसने देश को नई दिशा देने का कार्य किया है। प्रदर्शनी में पहुंच रहे नागरिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए ऐतिहासिक कार्यों और योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर विकसित भारत के संकल्प से स्वयं को जोड़ रहे हैं।
“12 साल बेमिसाल” प्रदर्शनी ने कोरबा में विकास, विश्वास और जनभागीदारी के नए अध्याय को प्रदर्शित करते हुए नागरिकों को राष्ट्र निर्माण की इस यात्रा का सहभागी बनने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.