June 18, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

राष्ट्रीय मंच पर चमकी कोरबा की नन्ही सितारा नेहल साहू, ‘तरंग 2026’ में द्वितीय स्थान प्राप्त कर बढ़ाया जिले का गौरव

 

 

कथक की मोहक प्रस्तुति से निर्णायकों को किया मंत्रमुग्ध, देशभर के 300 से अधिक प्रतिभागियों के बीच हासिल की बड़ी सफलता
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//*  कोरबा। प्रतिभा, मेहनत और समर्पण का सुंदर संगम जब मंच पर उतरता है तो सफलता स्वयं उसके कदम चूमती है। कोरबा की होनहार एवं प्रतिभाशाली नन्ही कथक नृत्यांगना नेहल साहू ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित सांस्कृतिक प्रतियोगिता “तरंग 2026” में शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त कर पूरे कोरबा जिले, छत्तीसगढ़ और अपने विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।

 

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 4 से 7 जून 2026 तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए 300 से अधिक प्रतिभागियों ने नृत्य, संगीत एवं ललित कला की विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा और उच्चस्तरीय प्रस्तुतियों के बीच डीएवी पब्लिक स्कूल, कोरबा की छात्रा नेहल साहू ने अपनी अद्भुत कथक प्रस्तुति, भावपूर्ण अभिव्यक्ति, सटीक ताल-लय, उत्कृष्ट मुद्राओं और प्रभावशाली मंच संचालन से निर्णायकों एवं दर्शकों का दिल जीत लिया।
प्रतियोगिता में नेहल की प्रस्तुति को विशेष सराहना मिली। उनके आत्मविश्वास, नृत्य के प्रति समर्पण और कलात्मक अभिव्यक्ति ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई। निर्णायकों ने उनकी प्रस्तुति की प्रशंसा करते हुए उसे प्रतियोगिता की यादगार प्रस्तुतियों में शामिल बताया।
लगातार मेहनत और लगन का मिला प्रतिफल
नेहल साहू बचपन से ही भारतीय शास्त्रीय नृत्य कला के प्रति विशेष रुचि रखती हैं। उन्होंने कथक नृत्य की बारीकियों को सीखते हुए अनेक स्थानीय, जिला स्तरीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कई पुरस्कार और सम्मान अर्जित किए हैं। उनकी यह नवीन उपलब्धि उनकी निरंतर साधना, अनुशासन और कला के प्रति समर्पण का परिणाम है।
माता-पिता और गुरु के मार्गदर्शन ने दिलाई सफलता
नेहल की इस उल्लेखनीय उपलब्धि के पीछे उनके माता-पिता पिता श्री रामकुमार साहू एवं माता श्रीमती अहिल्या साहू का विशेष योगदान रहा है। उन्होंने सदैव अपनी पुत्री को प्रोत्साहित किया और उसकी प्रतिभा को निखारने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया। साथ ही उनकी कथक नृत्य गुरु प्रीति चंद्रा के मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और सतत अभ्यास ने नेहल को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
विद्यालय और क्षेत्र में खुशी की लहर
नेहल साहू की इस शानदार सफलता से विद्यालय परिवार, शिक्षकों, सहपाठियों, सामाजिक संगठनों और नगरवासियों में हर्ष एवं गौरव का वातावरण है। सभी ने उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है तथा भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सफलता प्राप्त करने की शुभकामनाएं दी हैं।
कोरबा की इस नन्ही प्रतिभा ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि लगन, मेहनत और परिवार व गुरुजनों का सहयोग मिले तो छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान स्थापित कर सकती हैं। नेहल साहू की यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.