August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

पीएम स्वनिधि योजना बनी आत्मनिर्भरता की नई पहचान, कोरबा में भव्य स्वनिधि महोत्सव व लोक कल्याण मेले का आयोजन

1 min read

 

 

महापौर संजूदेवी राजपूत बोलीं – पथ विक्रेताओं और लघु व्यवसायियों के आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत आधार है प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा,17 जून 2026 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना आज शहरी पथ विक्रेताओं और लघु व्यवसायियों के लिए आर्थिक आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम बनकर उभरी है। इसी उद्देश्य को लेकर जिला प्रशासन एवं नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा पं. जवाहरलाल नेहरू सभागार में भव्य पीएम स्वनिधि महोत्सव एवं लोक कल्याण मेले का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पथ विक्रेताओं, लघु व्यवसायियों, जनप्रतिनिधियों और बैंक अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सड़क, फुटपाथ और गली-मोहल्लों में व्यवसाय करने वाले पथ विक्रेताओं को बिना किसी कठिनाई के आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने वाली ऐतिहासिक योजना है। उन्होंने कहा कि नगर निगम कोरबा द्वारा भी पथ विक्रेताओं के लिए सुविधायुक्त वेंडिंग जोन विकसित किए गए हैं, जिससे उन्हें सुरक्षित एवं स्थायी व्यवसायिक वातावरण मिल सके।
महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं में पीएम स्वनिधि योजना विशेष रूप से गरीब एवं लघु व्यवसायियों के लिए वरदान साबित हुई है। इस योजना के माध्यम से कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराकर छोटे व्यापारियों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित हितग्राहियों से आह्वान किया कि वे योजना का अधिकतम लाभ लेकर अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं।

 

बैंकर्स करें पूरा सहयोग : नूतन सिंह ठाकुर
कार्यक्रम में निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में बैंकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बैंक अधिकारियों से आग्रह किया कि वे पूरी संवेदनशीलता और इच्छाशक्ति के साथ पात्र हितग्राहियों को ऋण उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि छोटे और बड़े व्यवसायी देश की आर्थिक व्यवस्था की रीढ़ होते हैं और उनके सशक्त होने से रोजगार एवं आत्मनिर्भरता दोनों को बढ़ावा मिलता है।
पीएम स्वनिधि योजना में कोरबा प्रदेश में अव्वल
निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के सफल क्रियान्वयन में नगर निगम कोरबा पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 तक निर्धारित लक्ष्य का लगभग 85 प्रतिशत कार्य अभी से पूरा किया जा चुका है, जो निगम की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि योजना शहरी पथ विक्रेताओं के लिए आर्थिक उन्नति का मजबूत आधार बन रही है तथा वित्तीय समावेशन, डिजिटल सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने का कार्य लगातार किया जा रहा है।
आर्थिक मजबूती का प्रभावी माध्यम है योजना
वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना लघु व्यवसायियों के आर्थिक ढांचे को मजबूती प्रदान कर रही है। इससे न केवल छोटे व्यापारियों को वित्तीय सहायता मिल रही है बल्कि स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
वहीं निगम के पूर्व सभापति एवं वरिष्ठ पार्षद अशोक चावलानी ने हितग्राहियों से अपील करते हुए कहा कि वे योजना के तहत प्राप्त ऋण राशि का सदुपयोग करें और अपने व्यवसाय का विस्तार करें। उन्होंने कहा कि पहले बैंक ऋण प्राप्त करना कठिन होता था, लेकिन आज केंद्र सरकार की योजनाओं के कारण यह प्रक्रिया बेहद सरल हो गई है।

 

विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
लोक कल्याण मेले में उपस्थित नागरिकों एवं पथ विक्रेताओं को आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम मातृत्व वंदना योजना, श्रमिक पंजीयन योजना सहित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
हितग्राहियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान महापौर संजूदेवी राजपूत एवं अन्य अतिथियों द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के सफल हितग्राहियों उमा द्विवेदी, सावित्री यादव, अनीता कुर्रे, पवन कुमार, चन्द्रशेखर सारथी, प्रकाश तिवारी, रेहाना खान, कुसुम शुक्ला, सदाम हुसैन, सुब्रत साह, सावित्री जायसवाल, अमित कुमार, अनु तिवारी, शांति खड़िया, पूर्णिमा सिदार, ज्योति सिंह, दीपक तिवारी, कविता बेला, प्रेमलता राठौर एवं जलेश्वर प्रसाद श्रीवास सहित अनेक हितग्राहियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक घनश्याम श्रीवास ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन निगम के अपर आयुक्त विनय मिश्रा ने किया। आयोजन में निगम के जनप्रतिनिधियों, एमआईसी सदस्यों, पार्षदों, बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में पथ विक्रेताओं और लघु व्यवसायियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.