भाजपा किसान मोर्चा में बढ़ा कोरबा का मान: चुलेश्वर राठौर को मिली जांजगीर जिले की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी



प्रदेश नेतृत्व ने जताया भरोसा, किसान मोर्चा के संगठन विस्तार की कमान सौंपी
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* हरदी बाजार/कोरबा भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा, छत्तीसगढ़ ने संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए किसान मोर्चा के प्रदेश सहसंयोजक एवं जवाली मंडल प्रभारी चुलेश्वर राठौर को जांजगीर जिले का प्रभारी नियुक्त किया है। प्रदेश नेतृत्व द्वारा सौंपी गई इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से भाजपा कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों एवं राठौर समाज में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
जांजगीर जिला संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। किसानों की बड़ी आबादी एवं सामाजिक रूप से प्रभावशाली क्षेत्र होने के कारण यहां संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी चुलेश्वर राठौर को सौंपी गई है। पार्टी नेतृत्व को विश्वास है कि उनके अनुभव, कार्यकुशलता और जनसंपर्क का लाभ संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मिलेगा।

चुलेश्वर राठौर लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी एवं सामाजिक संगठनों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वे न केवल किसान हितों की आवाज को मजबूती से उठाते रहे हैं, बल्कि विभिन्न सामाजिक अभियानों में भी अग्रणी भूमिका निभाते आए हैं। उनकी संगठनात्मक क्षमता और समर्पित कार्यशैली ने उन्हें पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच एक मजबूत पहचान दिलाई है।
विशेष उल्लेखनीय है कि चुलेश्वर राठौर अखिल भारतीय राठौर क्षत्रिय महासभा में राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष का दायित्व सफलतापूर्वक निभा चुके हैं तथा वर्तमान में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में समाज सेवा एवं संगठन विस्तार के कार्यों में सक्रिय हैं। समाज और संगठन में उनकी लोकप्रियता तथा नेतृत्व क्षमता को देखते हुए भाजपा किसान मोर्चा ने उन पर यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया है कि चुलेश्वर राठौर के नेतृत्व में जांजगीर जिले में किसान मोर्चा नई ऊर्जा के साथ कार्य करेगा तथा किसानों, ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं के बीच पार्टी की पहुंच और प्रभाव को और अधिक मजबूत करेगा।
इस गौरवपूर्ण नियुक्ति पर भाजपा परिवार, किसान मोर्चा के पदाधिकारियों, राठौर समाज के वरिष्ठजनों एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए चुलेश्वर राठौर को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
“संगठन की मजबूती, किसानों की समृद्धि और कार्यकर्ताओं के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करूंगा” — चुलेश्वर राठौर


