August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कांग्रेस पर भाजपा का तीखा हमला: “छोटे नेताओं पर कार्रवाई, बड़े चेहरों पर चुप्पी क्यों?”

1 min read

 

 

मितुल कोठारी ने दीपक बैज से पूछे सीधे सवाल, कहा— दोहरे मापदंडों से नहीं बचेगी कांग्रेस
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//*  रायपुर। कोण्डागाँव प्रकरण को लेकर प्रदेश की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि पार्टी छोटे नेताओं पर कार्रवाई कर अपनी जवाबदेही का दिखावा कर रही है, जबकि बड़े नेताओं पर लगे आरोपों को लेकर पूरी तरह मौन साधे हुए है।
भाजपा के प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक मितुल कोठारी ने कांग्रेस की कार्रवाई को “राजनीतिक ढोंग” बताते हुए कहा कि कोण्डागाँव मामले में आपराधिक प्रकरण दर्ज होते ही कांग्रेस ने अपने एक नेता को बाहर का रास्ता दिखा दिया, लेकिन पार्टी के बड़े नेताओं पर वर्षों से लग रहे गंभीर आरोपों पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज कोई स्पष्ट रुख नहीं अपना रहे हैं।
कोठारी ने कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में नैतिकता और जवाबदेही की राजनीति में विश्वास करती है, तो उसे सभी नेताओं के लिए समान मापदंड अपनाने चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कांग्रेस यह स्पष्ट क्यों नहीं करती कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधायक देवेंद्र यादव और पूर्व मंत्री कवासी लखमा से जुड़े मामलों पर उसका आधिकारिक रुख क्या है।
“जनता जवाब मांग रही है”
भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस छोटे कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं पर त्वरित कार्रवाई कर सुर्खियां बटोरने का प्रयास कर रही है, लेकिन जब बात बड़े राजनीतिक चेहरों की आती है तो पार्टी नेतृत्व की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि जनता यह जानना चाहती है कि क्या कांग्रेस में कार्रवाई का पैमाना व्यक्ति के पद और प्रभाव के आधार पर तय होता है।
सोशल मीडिया पोस्टर के जरिए साधा निशाना
भाजपा द्वारा जारी सोशल मीडिया पोस्टर के माध्यम से भी कांग्रेस नेतृत्व को घेरा गया। पोस्टर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज से सवाल पूछते हुए कहा गया कि यदि पार्टी आरोपों और विवादों के आधार पर कार्रवाई कर रही है तो फिर बड़े नेताओं के मामलों में निर्णय कब लिया जाएगा।
“दोहरे चरित्र की राजनीति नहीं चलेगी”
कोठारी ने कहा कि कांग्रेस को जनता के सामने स्पष्ट करना चाहिए कि वह आरोपों और विवादों के मामलों में एक समान नीति अपनाएगी या नहीं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस के दोहरे रवैये को समझ चुकी है और केवल प्रतीकात्मक कार्रवाई से लोगों को गुमराह नहीं किया जा सकता।
भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को चयनात्मक कार्रवाई की राजनीति छोड़कर पारदर्शिता दिखानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी केवल राजनीतिक नुकसान से बचने के लिए छोटे नेताओं को निशाना बना रही है, जबकि प्रभावशाली चेहरों के मामलों में चुप्पी साध ली जाती है।
राजनीतिक माहौल गर्म
भाजपा के इस हमले के बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। कोण्डागाँव प्रकरण को लेकर भाजपा लगातार कांग्रेस नेतृत्व से जवाब मांग रही है, वहीं कांग्रेस की ओर से इस पर कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में यह मुद्दा प्रदेश की राजनीति में और अधिक गर्माहट ला सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.