“कांग्रेस का असली चेहरा बेनकाब: अपराधियों का संरक्षण और भ्रष्टाचार का खेल” – भाजपा का तीखा प्रहार



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि “राजनीति का अपराधीकरण और अपराधियों का कांग्रेसीकरण ही कांग्रेस का असली चरित्र बन चुका है।” भाजपा विधायक अनुज शर्मा ने धरसींवा के सिलयारी चौकी क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आरोपियों के परिजनों से ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के आरोप में कांग्रेसी नेता सूरज सिंह ठाकुर और उसके साथी मोहम्मद उस्मान सैफी की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।
भाजपा विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि यह घटना कांग्रेस के “चाल, चरित्र और चेहरे” को पूरी तरह उजागर करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब पूरा प्रदेश इस जघन्य अपराध से आहत था, तब कांग्रेस से जुड़े कुछ लोग इस संवेदनशील मामले को भी अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग का जरिया बना रहे थे। उन्होंने कहा कि सत्ता से बाहर होते ही कांग्रेस के भीतर अपराधियों और दलालों की सक्रियता और अधिक बढ़ गई है।
अनुज शर्मा ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या कांग्रेस नेतृत्व ऐसे लोगों को संरक्षण दे रहा है, जो बलात्कार जैसे गंभीर मामलों में भी पीड़ित परिवारों को डराकर पैसे वसूलने का काम करते हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा थाने का घेराव किए जाने की भी कड़ी आलोचना की और इसे “गुंडागर्दी की राजनीति” बताया।
भाजपा विधायक ने कहा कि पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की जा रही कार्रवाई का विरोध करना यह साबित करता है कि कांग्रेस अपराधियों के पक्ष में खड़ी है। उन्होंने मांग की कि इस पूरे ब्लैकमेलिंग नेटवर्क में शामिल सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और सख्त कार्रवाई हो।
इसी क्रम में अनुज शर्मा ने कोण्डागांव में पटवारी नौकरी के नाम पर 6.50 लाख रुपये की ठगी के मामले में कांग्रेस के जिला महामंत्री रितेश पटेल की गिरफ्तारी का हवाला देते हुए कांग्रेस पर भ्रष्टाचार को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ और नौकरी के नाम पर ठगी का एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय रहा।
भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में भ्रष्टाचार, कोयला, शराब और महादेव ऐप जैसे मामलों से प्रदेश को नुकसान पहुंचाया गया, जबकि जिला स्तर तक के पदाधिकारी बेरोजगार युवाओं से ठगी में लिप्त रहे। अनुज शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का हाथ अब पूरी तरह “भ्रष्टाचार और अपराध” के साथ दिखाई देता है और पार्टी नेतृत्व को इन मामलों पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।


