11 दिवसीय योग शिविर के तृतीय दिवस जिला संगठक वाई.के. तिवारी ने भरा उत्साह का संचार



योग, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का दिया संदेश, राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई बिंझरा के बोर्ड का किया उद्घाटन
Tirentra Time’s Korba **//**//* कोरबा। राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय से संबद्ध राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई बिंझरा द्वारा आयोजित 11 दिवसीय योग शिविर के तृतीय दिवस का आयोजन उत्साह, ऊर्जा और प्रेरणा से परिपूर्ण रहा। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना कोरबा के जिला संगठक वाई. के. तिवारी का शिविर स्थल पर निर्धारित समय पर आगमन हुआ, जहां स्वयंसेवकों एवं शिक्षकों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।का

र्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक योगाभ्यास से हुआ, जिसमें जिला संगठक तिवारी ने स्वयंसेवकों के साथ विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली एवं नियमित योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक एकाग्रता, आत्मअनुशासन और सकारात्मक जीवन दृष्टि का भी आधार है।
इस अवसर पर स्वयंसेवकों को अनुशासन, सेवा भावना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की शपथ दिलाई गई। शांति गीत के सामूहिक गायन ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक और प्रेरणादायी बना दिया। इसके पश्चात तिवारी जी ने राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई बिंझरा के नवस्थापित बोर्ड का विधिवत उद्घाटन किया। उपस्थित सभी लोगों ने इसे इकाई के विकास और पहचान की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम के अंतर्गत व्यापक स्वच्छता अभियान भी चलाया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। जिला संगठक तिवारी स्वयं अभियान में शामिल हुए और श्रमदान कर स्वयंसेवकों को सेवा एवं नेतृत्व का व्यवहारिक उदाहरण प्रस्तुत किया।
अपने प्रेरक संबोधन में तिवारी जी ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों, गतिविधियों एवं स्वयंसेवकों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि एनएसएस केवल एक संगठन नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक चेतना और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने स्वयंसेवकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा समाज उत्थान से जुड़े अभियानों की जानकारी देते हुए समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।


उन्होंने कहा कि आज के युवा ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवा सेवा, संस्कार और समर्पण की भावना के साथ आगे बढ़ें तो समाज और राष्ट्र दोनों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सकता है। उन्होंने स्वयंसेवकों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया।
जिला संगठक वाई.के. तिवारी के प्रेरणादायी मार्गदर्शन एवं सहभागिता से शिविर में नई ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मक वातावरण का संचार हुआ। स्वयंसेवकों, शिक्षकों तथा कार्यक्रम अधिकारियों ने उनके अनुभवों और विचारों से प्रेरणा प्राप्त की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी, महाविद्यालय एवं विद्यालय के स्वयंसेवक, शिक्षकगण, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा और स्वच्छ भारत के संकल्प के साथ किया गया।


