एसएमडीसी की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न, स्कूल विकास एवं प्रवेश उत्सव की तैयारियों पर बनी रणनीति



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//*बिंझरा। शासकीय विद्यालय बिंझरा में स्कूल प्रबंधन एवं विकास समिति (एसएमडीसी) की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्राचार्य द्वारा एजेंडावार विभिन्न विषयों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई तथा आगामी शैक्षणिक सत्र की तैयारियों को लेकर आवश्यक चर्चा की गई।
बैठक में 16 जून से 30 जून तक आयोजित होने वाले शाला प्रवेश उत्सव को सफल बनाने, विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा समयबद्ध रूप से सभी शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही विद्यालयों में शिक्षकों की कमी, मानदेय भृत्य की नियुक्ति तथा शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने संबंधी विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
एसएमडीसी अध्यक्ष विष्णु यादव ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं विद्यालय विकास के लिए समिति और शिक्षकों के समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में विद्यालयों की विभिन्न आवश्यकताओं एवं समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक सुझाव भी प्रस्तुत किए गए।
बैठक में एसएमडीसी सदस्य सुरेश कुमार पोर्ते, विवेक मारकंडे, सुरेंद्र प्रताप सिंह सहित सभी विद्यालयों के प्रधान पाठक, शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। उपस्थित सदस्यों ने नए शिक्षा सत्र को सफल एवं प्रभावी बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।


