मानसून में रेत माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा प्रहार: घाटों पर छापा, मशीन सील, 4 वाहन जब्त



10 जून से 15 अक्टूबर तक रेत उत्खनन पर सख्ती, कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग का जिलेभर में ताबड़तोड़ अभियान
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा। मानसून अवधि में नदियों और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश एवं उप संचालक खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में खनिज विभाग की उड़नदस्ता टीमों ने जिले के विभिन्न रेत घाटों पर औचक निरीक्षण कर अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान एक चौन माउंटेन मशीन सहित तीन ट्रैक्टर जब्त किए गए, जिससे अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में 10 जून से 15 अक्टूबर तक नदियों से रेत उत्खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया गया है। इस प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के लिए खनिज विभाग द्वारा विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गठित दो उड़नदस्ता दलों ने जोगीपाली, तरदा, कुदुरमाल, कटबितला, भैंसामुड़ा, गितारी, बगदर, चिचोली, भिलाई खुर्द, चुईया, कछार, घमोटा, धवईपुर, चारपारा एवं कुदमुरा सहित जिले के विभिन्न वैध रेत घाटों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सभी घाट संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रतिबंध अवधि में किसी भी स्थिति में रेत का उत्खनन नहीं किया जाएगा। साथ ही नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। अभियान के दौरान कुदमुरा रेत घाट में प्रतिबंध के बावजूद चौन माउंटेन मशीन से उत्खनन किए जाने की पुष्टि होने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मशीन को जब्त कर सील कर दिया गया।
खनिज विभाग की कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। भिलाईखुर्द क्षेत्र में ईंटों का अवैध परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर को पकड़कर सिटी कोतवाली थाना की अभिरक्षा में रखा गया। वहीं डिंगापुर क्षेत्र में मिट्टी एवं ईंट का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते पाए गए दो ट्रैक्टरों को भी जब्त कर रामपुर थाना में सुपुर्द किया गया।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य मानसून अवधि में नदी तंत्र और पर्यावरण की सुरक्षा, अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण तथा शासकीय राजस्व की हानि को रोकना है। विभाग लगातार निगरानी कर रहा है और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पाए जाने पर छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त लोगों में खलबली मच गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि रेत माफियाओं के खिलाफ यह अभियान पूरे मानसून काल में लगातार जारी रहेगा और नियमों को ताक पर रखने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।


