June 12, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा भाजपा ने फूंका चुनावी बिगुल: बूथ से जन-जन तक पहुंचेगी मोदी सरकार की उपलब्धियां, संगठन को धार देने बनी रणनीति

 

 

जिला कार्यालय में हुई महत्वपूर्ण मासिक बैठक, कार्यकर्ताओं को सौंपा गया “मोदी सरकार के 12 स्वर्णिम वर्षों” को घर-घर पहुंचाने का दायित्व

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//*  कोरबा। भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा की मासिक बैठक मंगलवार को जिला कार्यालय पंडित दीनदयाल कुंज, टी.पी. नगर में जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी की अध्यक्षता में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, बूथ सशक्तिकरण, जनसंपर्क अभियान तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की व्यापक रणनीति तैयार की गई। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से सफल बनाने का संकल्प लिया।
बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद “मोदी जी के 12 साल बेमिसाल” अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, गरीब कल्याण और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। इन ऐतिहासिक उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाना भाजपा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी का सबसे मजबूत आधार उसका बूथ संगठन है। बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता ही पार्टी की सफलता के वास्तविक सूत्रधार होते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है और अब आवश्यकता है कि कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर इन उपलब्धियों को जनता के बीच पहुंचाएं। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों को पूरी प्रतिबद्धता, अनुशासन और संगठनात्मक समन्वय के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।

 

बैठक को संबोधित करते हुए जिला संगठन सह प्रभारी बृजेन्द्र शुक्ला ने कहा कि मजबूत संगठन ही भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी है। संगठन की शक्ति कार्यकर्ताओं की सक्रियता, समर्पण और योजनाबद्ध कार्यशैली में निहित है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक संगठन के कार्यक्रमों की प्रभावी क्रियान्विति सुनिश्चित करनी होगी। भाजपा का कार्यकर्ता केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि समाज सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों के माध्यम से जनता का विश्वास भी अर्जित करता है।
बैठक में विभिन्न मंडलों में संचालित संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंपर्क अभियानों एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए पदाधिकारियों एवं मंडल प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वक्ताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर पर निरंतर संवाद, सक्रियता और जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

 

बैठक में जिला संगठन सह प्रभारी बृजेन्द्र शुक्ला, जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, जिला उपाध्यक्ष योगेश जैन, रूक्मणी नायर, सतीश झा, अजय दुबे, कमला बरेठ, कमला किंडो, विवेक मार्कंडेय, शैलेन्द्र यादव, संजय राठौर, प्रदीप सिंह एवं नीरज ठाकुर सहित जिला पदाधिकारी एवं जिले के सभी मंडल प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक के समापन पर कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा भाजपा की विचारधारा को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया। जिला कार्यालय में आयोजित यह बैठक आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों के लिए दिशा तय करने वाली महत्वपूर्ण बैठक के रूप में देखी जा रही है, जिसने कार्यकर्ताओं में नया उत्साह, नई ऊर्जा और नई जिम्मेदारियों का भाव उत्पन्न किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.