छत्तीसगढ़ आ रहे केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन से लेकर जनसम्पर्क और स्वच्छता अभियान तक रहेंगे व्यस्त



दो दिवसीय दौरे में टेक्सटाइल क्षेत्र की समीक्षा, जनसंवाद, पौधरोपण और विभिन्न कार्यक्रमों में करेंगे सहभागिता
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* रायपुर। केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह 12 जून से दो दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं। अपने प्रवास के दौरान वे विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने, वस्त्र एवं हस्तशिल्प क्षेत्र की गतिविधियों की समीक्षा करने तथा विभिन्न जनसम्पर्क कार्यक्रमों में भाग लेंगे। उनके दौरे को लेकर भाजपा संगठन और प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री श्री अखिलेश सोनी ने बताया कि केंद्रीय मंत्री श्री गिरिराज सिंह का यह प्रवास संगठनात्मक, प्रशासनिक एवं जनसंपर्क की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहेगा। वे प्रदेश के वस्त्र, हस्तशिल्प एवं सिल्क क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं की प्रगति और संभावनाओं की समीक्षा करेंगे। साथ ही विभिन्न सामाजिक और जनजागरण कार्यक्रमों में भी सहभागिता करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री श्री सिंह 12 जून को दोपहर राजधानी रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद वे सड्डू स्थित आईटीएसए अस्पताल में आयोजित विशेष जनसम्पर्क कार्यक्रम में शामिल होंगे तथा आमजन एवं विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इसके उपरांत वे शहर के विभिन्न स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेते हुए शाम को शांति नगर स्थित विमतारा भवन में आयोजित “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” में शामिल होंगे। इस सम्मेलन में विकसित भारत के लक्ष्य, केंद्र सरकार की उपलब्धियों तथा भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की जाएगी।
शाम को केंद्रीय मंत्री श्री सिंह हैंडलूम, हस्तशिल्प, सिल्क तथा राज्य एवं क्षेत्रीय टेक्सटाइल विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इस दौरान वस्त्र उद्योग, रोजगार सृजन, स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन तथा केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।
दौरे के दूसरे दिन 13 जून को केंद्रीय मंत्री श्री गिरिराज सिंह सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे कलेक्ट्रेट परिसर स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पर आयोजित स्वच्छता अभियान में सहभागिता कर स्वच्छता का संदेश देंगे। इसके पश्चात ऑक्सीजोन गार्डन में पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरण का संदेश देंगे।
अपने प्रवास के दौरान श्री सिंह राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित जनसम्पर्क कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे, जहां वे नागरिकों, व्यापारिक संगठनों, सामाजिक प्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करेंगे। भाजपा संगठन ने केंद्रीय मंत्री के दौरे को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं और इसे विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री श्री गिरिराज सिंह के इस दो दिवसीय प्रवास को प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों, टेक्सटाइल क्षेत्र के विकास और जनसरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। :::


