मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर महिला मोर्चा का विशेष अभियान, मंदिरों में होगी राष्ट्र कल्याण की प्रार्थना
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा प्रदेशभर में विशेष धार्मिक एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित करेगा। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी के आह्वान पर 10 जून को विभिन्न जिलों और विधानसभा क्षेत्रों के प्राचीन मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना एवं राष्ट्र कल्याण प्रार्थना का आयोजन किया जाएगा।
श्रीमती अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इन उपलब्धियों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ-साथ देश की समृद्धि, नागरिकों के सुख-शांति और उत्तम स्वास्थ्य की कामना के लिए मंदिरों में सामूहिक प्रार्थना की जाएगी।
उन्होंने बताया कि महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाएंगी। महिला मोर्चा ने सभी कार्यकर्ताओं और नागरिकों से इस आयोजन में सहभागिता कर राष्ट्रहित एवं लोककल्याण की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया है।


