August 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

खनन माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा प्रहार: 15 ठिकानों पर दबिश, 14 वाहन जब्त, मची खलबली

 

कलेक्टर के सख्त निर्देश पर चला विशेष अभियान, अवैध उत्खनन और परिवहन में लिप्त वाहनों पर कसी नकेल
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा, 06 जून 2026। जिले में अवैध खनन कारोबार पर प्रशासन ने बड़ा और निर्णायक प्रहार करते हुए खनन माफियाओं के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश तथा उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में गठित खनिज उड़नदस्ता दलों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर अवैध उत्खनन और परिवहन में संलिप्त 14 वाहनों को जब्त किया। इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
खनिज विभाग द्वारा चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान जिले के 15 संदिग्ध स्थानों पर सघन निरीक्षण किया गया। उड़नदस्ता दलों ने सीतामढ़ी, कपाटमुड़ा, सुराकछार, नरईबोध, रैंकी, कुदुरमाल, बरमपुर, बांकीमोगरा, सुमेधा, कुमगरी, घनाकछार, कटघोरा, कछार, दर्री एवं धवईपुर क्षेत्रों में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन की गतिविधियों की जांच की।

 

जांच के दौरान कई स्थानों पर खनिजों का अवैध उत्खनन और बिना वैध दस्तावेजों के परिवहन करते वाहन पकड़े गए। कार्रवाई में एक चेन माउंटेन मशीन, 9 ट्रैक्टर, 2 हाइवा और 2 टीपर सहित कुल 14 वाहन जब्त किए गए। यह कार्रवाई कपाटमुड़ा, नरईबोध, रैंकी, कुदुरमाल, सुराकछार, दर्री, बांकीमोगरा सहित अन्य क्षेत्रों में की गई।
जब्त किए गए वाहनों को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए कुसमुंडा थाना, हरदीबाजार थाना, दर्री थाना, बांकीमोगरा थाना तथा खनिज जांच नाका उरगा में अभिरक्षा में रखा गया है। विभाग द्वारा सभी मामलों की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनन और परिवहन पर पूरी तरह अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और शासकीय राजस्व को होने वाले नुकसान को रोकने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अवैध उत्खनन और खनिज परिवहन में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के इस सख्त रुख से यह साफ संकेत मिल गया है कि जिले में अवैध खनन कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियम तोड़ने वालों पर लगातार शिकंजा कसता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.