August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

खराब फल बेचने वालों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती, 11 दुकानों की जांच में 28 किलो खराब फल नष्ट

1 min read

 

 

पुराना बस स्टैंड, पॉवर हाउस रोड और बुधवारी बाजार क्षेत्र में चला विशेष निरीक्षण अभियान, बिना लाइसेंस संचालित दुकानदारों को दी गई चेतावनी
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा शहर में विशेष निरीक्षण अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में दिनांक 27 मई 2026 को खाद्य सुरक्षा अधिकारी संघर्ष कुमार मिश्र के नेतृत्व में विभागीय टीम ने कोरबा शहर के पुराना बस स्टैंड, पॉवर हाउस रोड एवं बुधवारी बाजार क्षेत्र में फल विक्रेताओं की दुकानों का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण अभियान के दौरान राजा नारियल पानी एवं फ्रूट सेंटर, राजेश फ्रूट सेंटर, सर्वमंगला फ्रूट सेंटर, माँ शारदा फ्रूट सेंटर, चौरसिया फ्रूट सेंटर सहित कुल 11 दुकानों की जांच की गई। टीम ने दुकानों में रखे फलों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया।
जांच के दौरान कई दुकानों में खराब एवं सड़े-गले फल बिक्री के लिए रखे पाए गए। विभागीय टीम ने लगभग 15 किलो आम, 4 दर्जन केला, 2 किलो अनार एवं 7 किलो खरबूजा खराब अवस्था में मिलने पर तत्काल उन्हें नष्ट करवाया। कुल मिलाकर लगभग 28 किलो खराब फल जब्त कर नष्ट किए गए, ताकि आम उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

 

 

 

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा आयुक्त श्री दीपक अग्रवाल, छत्तीसगढ़ के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत की जा रही है। विभाग ने बताया कि यह विशेष अभियान 28 एवं 29 मई 2026 तक जारी रहेगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य बाजार में बिक रहे फलों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान विभागीय टीम ने कृत्रिम मिठास सैकरीन के उपयोग एवं कार्बाइड जैसे रसायनों से फलों को पकाने जैसी अवैध गतिविधियों की भी जांच की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

 

इसके अलावा जिन फल विक्रेताओं के पास फूड लाइसेंस नहीं पाया गया, उन्हें तत्काल लाइसेंस बनवाने के निर्देश दिए गए। विभाग ने चेतावनी दी कि बिना लाइसेंस खाद्य सामग्री का विक्रय करने वालों पर आगामी दिनों में कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से बाजार में हड़कंप की स्थिति देखी गई और कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों की सफाई एवं फलों की गुणवत्ता सुधारने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.