कटघोरा में निखरेगी नन्हें कलाकारों की प्रतिभा: संस्कार भारती आयोजित करेगी 10 दिवसीय चित्रकला कार्यशाला एवं प्रदर्शनी



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कटघोरा। कला, संस्कृति और रचनात्मक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संस्कार भारती इकाई कटघोरा द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। तहसील भाटा स्थित नवधा चौक के पास कांति निवास में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 1 जून से 10 जून तक 10 दिवसीय चित्रकला कार्यशाला एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में संस्कार भारती के जिला प्रवक्ता शिवशंकर जायसवाल को कार्यक्रम संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यशाला का आयोजन प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 10 बजे तक स्वामी आत्मानंद स्कूल परिसर में किया जाएगा, जहां बच्चों को चित्रकला की बारीकियों का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यशाला में दो आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं। प्रथम वर्ग में 6 से 10 वर्ष तक के 20 बच्चों तथा दूसरे वर्ग में 11 से 16 वर्ष तक के 20 बच्चों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण हेतु 100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
इस कार्यशाला की सबसे खास बात यह है कि बच्चों को राष्ट्रीय स्तर के ख्यातिप्राप्त चित्रकार संदीप कुमार सारथी प्रशिक्षण देंगे। बैठक में उन्होंने कहा कि यदि बच्चे पूरे मन और लगन से सीखें तो मात्र 20 घंटे का प्रशिक्षण भी उन्हें राष्ट्रीय स्तर का कलाकार बना सकता है। उन्होंने प्रेरणादायक अंदाज में कहा कि “हम तो केवल सूत्र और फार्मूला बताएंगे, असली गणित बच्चों को स्वयं हल करना होगा।”
संदीप सारथी को चित्रकला के क्षेत्र में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर कई बार सम्मानित और पुरस्कृत किया जा चुका है। आयोजन समिति का मानना है कि उनके मार्गदर्शन से बच्चों की कला प्रतिभा को नई दिशा मिलेगी।
आयोजकों ने सभी प्रशिक्षार्थियों से रंग सामग्री एवं ड्राइंग पेपर साथ लाने की अपील की है। बैठक में पी.एन. योगी, शिव दुबे, विनय सिंह, लक्ष्मी गर्ग, अभिषेक सोनी, राज यादव, कन्हैया यादव, भारत भूषण साहू, हेमलता सिदार, देवेंद्र डिक्सेना, भवानी गोपाल एवं आशीष शर्मा सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
संस्कार भारती की इस पहल को क्षेत्र में कला और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक और प्रेरणादायी कदम माना जा रहा है।


