August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“बस्तर में अब गोलियों की नहीं, विकास की गूंज सुनाई दे रही” — अमित शाह के दौरे से गरमाई सियासत, भाजपा बोली- नक्सलवाद अंतिम दौर में

1 min read

 

प्रदेश अध्यक्ष किरण देव का बड़ा दावा — “मोदी-शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बदल रहा बस्तर का भविष्य”
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर। कभी नक्सली हिंसा, भय और बंदूक की आवाजों से दहला रहने वाला बस्तर अब तेजी से विकास, शांति और खुशहाली की नई पहचान बना रहा है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित बस्तर दौरे को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह दौरा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बस्तर में स्थायी शांति और विकास के नए अध्याय का प्रतीक है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जिस बस्तर को कभी नक्सली हिंसा का गढ़ माना जाता था, वहां अब सुरक्षा, विकास और विश्वास का नया वातावरण तैयार हो रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की समन्वित रणनीति, सुरक्षा बलों की सटीक कार्रवाई और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की “जीरो टॉलरेंस” नीति के चलते नक्सलवाद अब बैकफुट पर पहुंच चुका है। बस्तर के अंदरूनी इलाकों में नए सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए हैं, जिससे ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और विकास कार्यों को नई गति मिली है।
किरण देव ने कहा कि भाजपा सरकार केवल सुरक्षा अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि बस्तर के सर्वांगीण विकास के लिए व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “नियद नेल्लानार” के माध्यम से दूरस्थ और प्रभावित गांवों तक सड़क, बिजली, पेयजल, राशन, स्कूल और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पहली बार बस्तर के ऐसे गांवों तक भी सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है, जहां वर्षों तक प्रशासनिक पहुंच नहीं थी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और अधिकारों की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। तेंदूपत्ता संग्रहण दर को बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा करना, चरण पादुका योजना को पुनः प्रारंभ करना और देवगुड़ियों व पारंपरिक उत्सवों के संरक्षण के लिए विशेष बजट देना इसी सोच का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि बस्तर को देश की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है, पुल-पुलियों का निर्माण हो रहा है और मोबाइल नेटवर्क को सुदूर गांवों तक पहुंचाया जा रहा है। डिजिटल इंडिया अभियान के तहत अब बस्तर का युवा भी तकनीक और आधुनिक शिक्षा से जुड़ रहा है। बंद पड़े स्कूलों को दोबारा शुरू किया जा रहा है और मेडिकल कॉलेज, अस्पताल एवं कौशल विकास केंद्रों को मजबूत किया जा रहा है ताकि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
किरण देव ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बस्तर दौरा सुरक्षा बलों के जवानों और आम नागरिकों में नया आत्मविश्वास जगाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में बस्तर केवल नक्सलवाद से मुक्त क्षेत्र ही नहीं, बल्कि देश के सबसे तेजी से विकसित होने वाले क्षेत्रों में शामिल होगा।
उन्होंने कहा कि आज बस्तर में “लाल आतंक” की जगह “हरी-भरी खुशहाली” की तस्वीर उभर रही है। भाजपा सरकार की नीतियों और योजनाओं ने बस्तर को भय और हिंसा से निकालकर विकास और आत्मविश्वास की नई राह पर खड़ा कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.