May 16, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

झोराघाट में दर्दनाक हादसा : पिकनिक मनाने गए युवक की नदी में डूबने से मौत, अस्पताल में परिजनों का फूटा आक्रोश

 

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कटघोरा  कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित प्रसिद्ध पिकनिक स्थल झोराघाट शनिवार को एक दर्दनाक हादसे का गवाह बन गया। परिवार के साथ घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचे एक युवक की नदी के गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कटघोरा मेन रोड निवासी अलाउद्दीन (पिता ताजुद्दीन) के रूप में हुई है। युवक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा बताया जा रहा है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अलाउद्दीन अपने परिवार के साथ झोराघाट घूमने पहुंचा था। पिकनिक के दौरान वह नदी में नहाने उतरा, लेकिन कुछ ही देर बाद अचानक गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, मगर नदी के भीतर बने गहरे गड्ढे और पानी की गहराई के कारण युवक डूब गया। काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के तुरंत बाद परिजन गंभीर हालत में युवक को उपचार के लिए हरिकृष्ण हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना के बाद अस्पताल में तनावपूर्ण स्थिति भी निर्मित हो गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रबंधन पर समय पर उपचार और पर्याप्त आपातकालीन सुविधा उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया। इस दौरान अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामे का माहौल बना रहा। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया।
झोराघाट में पहले भी हो चुके हैं हादसे
स्थानीय लोगों के अनुसार झोराघाट क्षेत्र में नदी के बीच कई स्थानों पर गहरे गड्ढे हैं, जहां पानी की गहराई अचानक बढ़ जाती है। बरसों से यह क्षेत्र पिकनिक स्पॉट के रूप में प्रसिद्ध है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी बोर्डों की कमी के कारण यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।
लोगों का कहना है कि प्रशासन को ऐसे संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
पिकनिक स्थलों पर रखें सावधानी — प्रशासन की अपील
प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पिकनिक स्थलों पर विशेष सावधानी बरतें और गहरे पानी में न उतरें। खासकर ऐसे स्थानों पर जहां पानी की गहराई का अनुमान न हो, वहां नहाने से बचना चाहिए।
सुरक्षा के लिए जरूरी सावधानियां :
नदी या झरनों में केवल सुरक्षित और कम गहराई वाले स्थानों पर ही स्नान करें।
जहां पानी का बहाव तेज हो या गहरे गड्ढों की आशंका हो, वहां जाने से बचें।
बच्चों और युवाओं को अकेले पानी में न जाने दें।
पिकनिक स्थलों पर शराब या नशे की स्थिति में पानी में उतरना बेहद खतरनाक हो सकता है।
प्रशासन द्वारा लगाए गए चेतावनी बोर्डों और निर्देशों का पालन करें।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की असमय मौत से क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.