कोरबा का बढ़ा गौरव : वरिष्ठ भाजपा नेता रामनारायण सोनी बने FCI राज्य स्तरीय समिति के सदस्य,



सांसद बृजमोहन अग्रवाल बोले — “अनुभव और समर्पण से मिलेगा किसानों को बड़ा लाभ”
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर/कोरबा। भारतीय खाद्य निगम (FCI) छत्तीसगढ़ राज्य परामर्शदात्री समिति में कोरबा जिले को महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। नगर निगम कोरबा के प्रथम सभापति एवं वरिष्ठ भाजपा नेता रामनारायण सोनी को समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। इस घोषणा के बाद कोरबा भाजपा संगठन एवं समर्थकों में खुशी और उत्साह का माहौल है। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में इसे कोरबा के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
भारतीय खाद्य निगम (FCI) छत्तीसगढ़ राज्य परामर्शदात्री समिति के अध्यक्ष एवं सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नवनियुक्त सदस्यों की आधिकारिक सूची जारी करते हुए रामनारायण सोनी के अनुभव और संगठनात्मक योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि भाजपा के समर्पित एवं अनुभवी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपकर संगठन किसानों और आम जनता के हित में मजबूत कार्ययोजना तैयार कर रहा है।
“किसानों के हित और विकास हमारी प्राथमिकता” — बृजमोहन अग्रवाल
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने समिति के गठन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह समिति राज्य में खाद्य प्रबंधन, किसानों के हितों की सुरक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने सभी नवनियुक्त सदस्यों को बधाई देते हुए कहा —
“मुझे पूर्ण विश्वास है कि सभी सदस्य अपने अनुभव, समर्पण और सामूहिक प्रयासों से छत्तीसगढ़ के किसानों और आम जनता के हित में बेहतर कार्य करेंगे। राज्य के विकास, खाद्य सुरक्षा और किसानों के कल्याण को नई दिशा देने में यह समिति महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।”
उन्होंने आगे कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों को सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा समिति का उद्देश्य योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी तरीके से पहुंचाना है।
तीन दशकों की निष्ठा और संघर्ष को मिला सम्मान
रामनारायण सोनी की नियुक्ति को भाजपा संगठन के प्रति उनकी तीन दशकों की निष्ठा, समर्पण और सक्रिय राजनीतिक जीवन का सम्मान माना जा रहा है। वे नगर निगम कोरबा के प्रथम सभापति रह चुके हैं तथा लंबे समय से भाजपा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते आ रहे हैं।
संगठनात्मक क्षमता, जनसंपर्क और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ के कारण वे कोरबा जिले में भाजपा के वरिष्ठ और प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं। उनकी नियुक्ति से भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
प्रदेशभर के अनुभवी नेताओं को मिली जिम्मेदारी
सांसद बृजमोहन अग्रवाल द्वारा घोषित समिति में प्रदेश के विभिन्न जिलों से अनुभवी और सक्रिय नेताओं को शामिल किया गया है। इनमें प्रमुख रूप से — संतोष बाफना (जगदलपुर), मेजर अनिल सिंह (अंबिकापुर), पवन साहू (बालोद), हलधर साहू (कांकेर), रामकृपाल साहू (सूरजपुर), कमलेश ठोकने (धमतरी), चैनसुख भट्टर (दुर्ग), प्रेम आर्य (मुंगेली), बलराम तिवारी (अभनपुर), अब्दुल गफ्फार मेमन (गरियाबंद), सुरेंद्र पाटनी (रायपुर), श्याम सुंदर अग्रवाल (रायपुर) एवं अनिल केशरवानी (मनेंद्रगढ़-चिरमिरी) को भी सदस्य बनाया गया है।
रामनारायण सोनी की नियुक्ति को कोरबा जिले के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास जताया है कि वे अपने अनुभव से समिति में प्रभावी भूमिका निभाएंगे और क्षेत्र के किसानों एवं आम जनता की आवाज को मजबूती से उठाएंगे।


