‘जीरो डिफेक्ट’ की दिशा में बालको का बड़ा कदम, ‘क्वालिटी संकल्प’ ने रचा गुणवत्ता उत्कृष्टता का नया इतिहास
1 min read



एक वर्ष में 3000 से अधिक कर्मचारियों की भागीदारी, डिजिटल तकनीक और गुणवत्ता अभियान से उत्पादन क्षमता हुई और मजबूत
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// बालकोनगर, 14 मई 2026। वेदांता एल्यूमिनियम मेटल लिमिटेड की कंपनी भारत एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने गुणवत्ता उत्कृष्टता की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए अपने महत्वाकांक्षी अभियान ‘क्वालिटी संकल्प’ के सफल 12 महीने पूर्ण कर लिए हैं। यह अभियान बालको के सभी उत्पादों में ‘जीरो डिफेक्ट’ गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा कार्यस्थल पर गुणवत्ता-केंद्रित कार्य संस्कृति विकसित करने के उद्देश्य से शुरू किया गया था, जिसने अब कंपनी की उत्पादन प्रणाली को नई मजबूती प्रदान की है।
बालको में उत्पादन के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। बीते एक वर्ष में ‘क्वालिटी संकल्प’ के तहत व्यक्तिगत जिम्मेदारी, त्रुटि रोकथाम, मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन, दोषों की रोकथाम, मूल कारणों की पहचान, लीन प्रबंधन और डेटा आधारित निर्णय प्रक्रिया जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष रूप से कार्य किया गया। इस व्यापक अभियान में 3000 से अधिक कर्मचारी और व्यावसायिक साझेदार सक्रिय रूप से शामिल हुए, जिससे संगठन में गुणवत्ता के प्रति नई जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित हुई।
यह मासिक अभियान केवल उत्पादन प्रक्रिया तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कर्मचारियों में गुणवत्ता के प्रति समर्पण और जवाबदेही बढ़ाने का मजबूत माध्यम भी बना। इसी का परिणाम है कि बालको ने उच्च गुणवत्ता वाले एल्यूमिनियम उत्पादक के रूप में अपनी प्रतिष्ठा को और अधिक सशक्त किया है।
बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि गुणवत्ता बालको की कार्य संस्कृति का मूल आधार है। ‘क्वालिटी संकल्प’ संगठन के सामूहिक प्रयासों का प्रतीक है, जो रोजमर्रा के कार्यों और निर्णयों में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की सोच को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि विश्वस्तरीय विनिर्माण की दिशा में आगे बढ़ते हुए ग्राहकों का विश्वास बनाए रखना कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बालको लगातार प्रचालन दक्षता और उत्पादन उत्कृष्टता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए आधुनिक तकनीकों को अपनाने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। गुणवत्ता संस्कृति को और अधिक मजबूत करने के लिए कंपनी द्वारा वर्षभर ‘क्वालिटी नॉलेज बाइट्स’, वर्ल्ड क्वालिटी वीक तथा स्टैंडर्ड कार्निवल जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनसे कर्मचारियों को गुणवत्ता मानकों की गहन जानकारी प्राप्त होती है।
डिजिटल तकनीक को बढ़ावा देते हुए बालको ने ‘क्वालिटी संकल्प ऐप’ भी विकसित किया है, जिसके माध्यम से कर्मचारी उत्पादन स्थल पर गुणवत्ता मानकों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग कर सुधारात्मक कार्यों को तुरंत रिकॉर्ड कर सकते हैं। इस तकनीकी पहल से न केवल उत्पाद गुणवत्ता में सुधार हुआ है, बल्कि ग्राहकों का विश्वास भी और अधिक मजबूत हुआ है।
प्रचालन दक्षता बढ़ाने की दिशा में बालको ने अपनी प्रयोगशालाओं और उत्पादन प्रक्रियाओं में भी डिजिटल तकनीकों को व्यापक रूप से अपनाया है। कोल लैब के 100 प्रतिशत डिजिटलीकरण से डेटा रिकॉर्डिंग, रिपोर्टिंग और निगरानी की प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और प्रभावी बनी है, जिससे कार्यकुशलता के साथ-साथ पर्यावरणीय प्रदर्शन में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
गुणवत्ता और उत्कृष्टता के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को एएसआई, बीआईएस आईएसओ, आईएटीएफ और एनएबीएल जैसे कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रमाणपत्रों से मान्यता प्राप्त हुई है। यह उपलब्धि बालको के उच्च गुणवत्ता मानकों, तकनीकी दक्षता और सतत विकास के प्रति उसकी मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाती है।







