भाजपा संगठन में बढ़ा कमला बरेठ का कद, पाली मंडल प्रभारी बनने पर कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा/पाली। भारतीय जनता पार्टी संगठन ने सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं पर भरोसा जताते हुए भाजपा जिला मंत्री श्रीमती कमला बरेठ को पाली मंडल प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इस घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। नई जिम्मेदारी मिलने पर श्रीमती कमला बरेठ के निवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
पाली मंडल की अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति मोर्चा की पूरी टीम ने श्रीमती कमला बरेठ का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया और संगठन में मिली नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि कमला बरेठ लंबे समय से पार्टी संगठन के लिए निष्ठा और सक्रियता के साथ कार्य कर रही हैं तथा उन्हें मिली यह जिम्मेदारी उनके समर्पण और संगठनात्मक क्षमता का परिणाम है।
इस अवसर पर जनपद सदस्य श्री रोशन कंवर, पाली मंडल अध्यक्ष चंद्रशेखर पटेल , गणेश चौहान, अनुसूचित जाति मोर्चा एवं अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि कमला बरेठ के नेतृत्व से पाली मंडल में भाजपा संगठन को नई मजबूती मिलेगी और बूथ स्तर तक पार्टी और अधिक सशक्त होगी।
श्रीमती कमला बरेठ ने भाजपा प्रदेश नेतृत्व, जिला संगठन एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की रीति-नीति एवं केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।


