May 9, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“सोनार बांग्ला के नए युग की शुरुआत : सुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में बंगाल बनेगा विकास और सुशासन का मॉडल — किरण सिंह देव”

 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पश्चिम बंगाल के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी को दी ऐतिहासिक जीत और शपथ ग्रहण की बधाई
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**// रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने पश्चिम बंगाल के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल में विकास, सुशासन और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के नए अध्याय की शुरुआत है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने अपने बधाई संदेश में कहा कि मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी का नेतृत्व पश्चिम बंगाल को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा और लंबे समय से प्रतीक्षित ‘सोनार बांग्ला’ का सपना अब साकार होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि श्री अधिकारी एक जमीनी, संघर्षशील और जनभावनाओं को समझने वाले नेता हैं, जिन्होंने बंगाल की जनता के अधिकारों, सुरक्षा और विकास के लिए लगातार संघर्ष किया है।
श्री देव ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र को आत्मसात करते हुए मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल में विकास की नई गाथा लिखेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राज्य में उद्योग, रोजगार, शिक्षा, आधारभूत संरचना और निवेश के क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन देखने को मिलेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने परिवर्तन, पारदर्शिता और मजबूत नेतृत्व पर विश्वास जताया है। अब प्रदेश में भय, भ्रष्टाचार और राजनीतिक हिंसा की संस्कृति समाप्त होकर शांति, लोकतंत्र और सुशासन का वातावरण स्थापित होगा।
श्री देव ने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ के बीच सांस्कृतिक, सामाजिक और प्रशासनिक संबंधों को और अधिक मजबूती मिलेगी। दोनों राज्यों के बीच विकासात्मक अनुभवों का आदान-प्रदान देश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने अंत में कहा कि मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल पुनः अपनी सांस्कृतिक गरिमा, आर्थिक शक्ति और राष्ट्रीय पहचान को नई मजबूती के साथ स्थापित करेगा तथा देश के अग्रणी राज्यों में अपनी विशेष पहचान बनाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.