दर्री और सर्वमंगला जोन के विकास कार्यों की होगी गहन समीक्षा,
1 min read



09 मई को निगम अधिकारियों के साथ बैठक लेंगे मंत्री लखनलाल देवांगन
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**// कोरबा, 08 मई। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, सार्वजनिक उपक्रम, आबकारी एवं श्रम मंत्री तथा कोरबा नगर विधायक लखनलाल देवांगन शनिवार 09 मई को नगर पालिक निगम कोरबा के दर्री एवं सर्वमंगला जोन के विकास एवं निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा करेंगे। यह महत्वपूर्ण बैठक अपराह्न 03 बजे नगर निगम कोरबा के पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार स्थित एमआईसी कक्ष में आयोजित की जाएगी।
बैठक में दोनों जोनों के अंतर्गत आने वाले वार्डों में संचालित विकास कार्यों, निर्माण योजनाओं, मूलभूत सुविधाओं तथा विभिन्न विभागीय कार्यों की वार्डवार समीक्षा की जाएगी। मंत्री श्री देवांगन अधिकारियों से कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं समय-सीमा की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान करेंगे।
समीक्षा बैठक में महापौर संजू देवी राजपूत, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित संबंधित वार्डों के पार्षद एवं निगम अधिकारी उपस्थित रहेंगे। बैठक के दौरान क्षेत्र की जनसमस्याओं, अधूरे कार्यों एवं आगामी विकास योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन लगातार नगर निगम के विकास कार्यों की जोन एवं वार्डवार समीक्षा कर रहे हैं। इससे पूर्व वे कोरबा एवं टी.पी. नगर जोन के विकास कार्यों की समीक्षा कर चुके हैं। उनके इस सतत मॉनिटरिंग अभियान को शहर के विकास कार्यों में गति और पारदर्शिता लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
नगर निगम प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश जारी किए हैं, ताकि विकास कार्यों की प्रगति का प्रभावी मूल्यांकन किया जा सके और जनहित से जुड़े मुद्दों का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके।







