मलेरिया मुक्त गांवों की ओर बालको का बड़ा कदम प्रोजेक्ट आरोग्य के तहत घर-घर पहुंच रही स्वास्थ्य सेवाएं, हजारों ग्रामीणों को मिल रहा लाभ



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**बालकोनगर,08 मई 2026
स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने अपने सामाजिक उत्तरदायित्व कार्यक्रम प्रोजेक्ट आरोग्य के अंतर्गत व्यापक मलेरिया जागरूकता अभियान चलाया। विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर आयोजित इस विशेष अभियान के माध्यम से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मलेरिया से बचाव, समय पर जांच और उपचार के प्रति जागरूक किया गया।
इस वर्ष विश्व मलेरिया दिवस की थीम “मलेरिया का खात्मा संभव है: अब हम कर सकते हैं, अब हमें करना ही होगा” को केंद्र में रखते हुए बालको ने गांव-गांव पहुंचकर लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा का संदेश दिया। अभियान का उद्देश्य केवल बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना ही नहीं, बल्कि ग्रामीण समुदायों तक सीधे स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाकर उन्हें सुरक्षित और स्वस्थ जीवन प्रदान करना भी रहा।
बालको द्वारा संचालित प्रोजेक्ट आरोग्य के तहत पिछले एक वर्ष में 1.4 लाख से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा चुकी हैं। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की टीमों ने घर-घर जाकर ग्रामीणों को मलेरिया के शुरुआती लक्षणों — जैसे तेज बुखार, ठंड लगना और अत्यधिक पसीना आना — के बारे में जानकारी दी, ताकि लोग समय रहते जांच और उपचार करा सकें। इसके साथ ही ग्रामीणों के बीच फैली भ्रांतियों और गलत धारणाओं को दूर करने के लिए सामुदायिक बैठकें और स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किए गए।

बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री राजेश कुमार सिंह ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति का आधार स्वस्थ समुदाय होता है। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट आरोग्य के माध्यम से बालको ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उनका कहना था कि बीमारी की रोकथाम, समय पर उपचार और जनभागीदारी के जरिए ही एक सशक्त और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को मच्छरदानी के नियमित उपयोग, घरों और आसपास पानी जमा न होने देने तथा साफ-सफाई बनाए रखने जैसे जरूरी बचाव उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया। विशेष रूप से पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों और गर्भवती महिलाओं पर फोकस किया गया। उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सामग्री, पोषण सहायता, मुफ्त स्वास्थ्य जांच और उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
ग्रामीण अंचलों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए बालको द्वारा मोबाइल हेल्थ वैन भी संचालित की जा रही हैं। इन मोबाइल स्वास्थ्य इकाइयों के माध्यम से दूरस्थ गांवों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों को सीधे स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है। वित्त वर्ष 2026 में अब तक 25 हजार से अधिक लोग इस सेवा का लाभ उठा चुके हैं।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण जागरूकता, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों के जरिए बालको लगातार ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने में जुटा हुआ है। कंपनी की यह पहल न केवल मलेरिया उन्मूलन की दिशा में प्रभावी साबित हो रही है, बल्कि ग्रामीण समुदायों के जीवन में सकारात्मक बदलाव भी ला रही है।


