“नारी शक्ति वंदन पर सियासी संग्राम: भाजपा महिला मोर्चा की मशाल रैली, कांग्रेस पर तीखा प्रहार”



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//**// रायपुर। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर सियासत अब सड़कों पर उतर आई है। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने गुरुवार को राजधानी रायपुर में जोरदार शक्ति प्रदर्शन करते हुए विशाल मशाल रैली निकाली और कांग्रेस सहित पूरे विपक्ष के खिलाफ आक्रामक तेवर दिखाए।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी के आह्वान पर रायपुर शहर जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष कृतिका जैन के नेतृत्व में निकली इस रैली में सैकड़ों की संख्या में महिलाएँ शामिल हुईं। भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर से शुरू हुई यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जिसमें महिला मोर्चा की पदाधिकारी, कार्यकर्ता और विभिन्न सामाजिक संगठनों की महिलाएँ बड़ी संख्या में मौजूद रहीं। रैली के दौरान महिलाओं ने मशाल थामकर नारी शक्ति के समर्थन में नारेबाजी की और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।
प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें लोकसभा और विधानसभा में नेतृत्व का अवसर देने का ऐतिहासिक प्रयास किया, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने इसका विरोध कर अपनी मानसिकता उजागर कर दी।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कभी नहीं चाहती कि देश की आधी आबादी सशक्त होकर निर्णय लेने की स्थिति में आए। “कांग्रेस के लिए महिलाएँ सिर्फ वोट बैंक हैं, जिन्हें चुनाव के समय याद किया जाता है,” उन्होंने कहा। विभा अवस्थी ने यह भी जोड़ा कि आज देश की महिलाएँ हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही हैं और अगर उन्हें नेतृत्व का अवसर मिला तो राजनीति की दिशा ही बदल जाएगी, जिससे कांग्रेस का अस्तित्व खतरे में पड़ जाएगा।
रायपुर शहर जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष कृतिका जैन ने भी अपने संबोधन में तीखे तेवर अपनाते हुए कहा कि अब देश की महिलाएँ जाग चुकी हैं और अपने अधिकार लेकर रहेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि 33 प्रतिशत आरक्षण का सपना जल्द साकार होगा और महिलाएँ देश के विकास की अगुवाई करेंगी।
कृतिका जैन ने विपक्ष को चेतावनी देते हुए कहा कि आने वाले समय में देश की महिलाएँ कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को करारा जवाब देंगी और उन्हें सत्ता से पूरी तरह बेदखल कर देंगी।
इस आक्रामक रैली में राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल, प्रभा दुबे, महामंत्री शीतल नायक, फुलेश्वरी पैकरा, जिला महामंत्री माया शर्मा, कमलेश बसंत वर्मा सहित महिला मोर्चा की अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
रैली ने साफ संकेत दिया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम अब केवल विधायी मुद्दा नहीं, बल्कि राजनीतिक संघर्ष का बड़ा केंद्र बन चुका है, जिस पर आने वाले समय में सियासी तापमान और बढ़ने की संभावना है।


