April 17, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

✦ कोरबा की बेटी सुचित्रा मानिकपुरी बनीं प्रदेश सचिव, पनिका समाज में उत्साह की लहर ✦

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** कोरबा। छत्तीसगढ़ प्रदेश मानिकपुरी महिला पनिका समाज प्रकोष्ठ के प्रदेश स्तरीय चुनाव में कोरबा जिले की सक्रिय समाजसेविका श्रीमती सुचित्रा संजय मानिकपुरी ने शानदार जीत दर्ज करते हुए प्रदेश सचिव पद पर कब्जा जमाया है। उनकी इस ऐतिहासिक जीत से पूरे कोरबा जिले सहित प्रदेश भर के पनिका समाज में हर्ष और गौरव का माहौल है।
सुचित्रा मानिकपुरी विगत 18 वर्षों से सामाजिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। उनकी सामाजिक यात्रा की शुरुआत कटघोरा स्थित कबीर आश्रम से हुई, जहां उन्होंने अपनी टीम के साथ मिलकर कबीर साहेब के वाणी-वचनों के प्रचार-प्रसार, धार्मिक कार्यक्रमों और समाज को जोड़ने वाले कई महत्वपूर्ण आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न कराए। उनके प्रयासों से समाज में आध्यात्मिक चेतना का व्यापक प्रसार हुआ और पनिका समाज को एक सूत्र में पिरोने का मजबूत प्रयास देखने को मिला।
उनकी सक्रियता और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए समाज ने उन्हें पहले कटघोरा ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी सौंपी, जहां वे पनिका समाज की पहली महिला ब्लॉक अध्यक्ष बनीं। अपने 5 वर्षों के कार्यकाल में उन्होंने समाज विकास, महिला सशक्तिकरण और रोजगार सृजन जैसे मुद्दों पर उल्लेखनीय कार्य किए। इसके बाद सितंबर 2023 में हुए जिला स्तरीय चुनाव में वे जीतकर कोरबा जिला सचिव के पद पर निर्वाचित हुईं।
अब प्रदेश स्तर पर भी अपनी लोकप्रियता और कार्यों के दम पर उन्होंने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश सचिव का पद जीत लिया है।
✦ लोकतांत्रिक प्रक्रिया से हुआ प्रदेश स्तरीय चुनाव ✦
छत्तीसगढ़ प्रदेश मानिकपुरी पनिका समाज के तत्वावधान में महिला प्रकोष्ठ का चुनाव 12 अप्रैल को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत संपन्न कराया गया। इसके लिए प्रदेश के पांच संभाग — रायपुर, बिलासपुर, बस्तर, सरगुजा और दुर्ग में मतदान केंद्र बनाए गए थे।
अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में
श्रीमती तीजन मानिकपुरी ने सर्वाधिक 779 मत प्राप्त कर जीत हासिल की।
श्रीमती अंजलि मानिकपुरी (659), सुश्री लीला मानिक (561), श्रीमती शांति महंत (551) और श्रीमती तीरिथ कुमारी मानिकपुरी (215) को भी मत प्राप्त हुए, जबकि 119 मत अवैध घोषित किए गए।
प्रदेश सचिव पद के लिए हुए चुनाव में
श्रीमती सुचित्रा संजय मानिकपुरी को 1397 वोट मिले
जबकि उनकी प्रतिद्वंदी श्रीमती दीपमालिका मानिकपुरी को 1135 मत प्राप्त हुए
इसी प्रकार उपाध्यक्ष पद पर
श्रीमती रामेश्वरी मानिकपुरी ने 1435 मत पाकर जीत दर्ज की
जबकि श्रीमती इंदिरा मानिकपुरी को 1114 मत मिले
कोषाध्यक्ष एवं सहसचिव पद पर
श्रीमती शंकुतला दास मानिकपुरी एवं श्रीमती पचहत्तरी बाई मानिकपुरी निर्विरोध निर्वाचित घोषित की गईं।
✦ युवा प्रकोष्ठ भी निर्विरोध चुना गया ✦
समाज के युवा प्रकोष्ठ के चुनाव में भी सभी पदों पर एक-एक नामांकन प्राप्त होने के कारण सभी पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए, जिनमें —
रघुवेंद्र दास मानिकपुरी (अध्यक्ष),
हिरमन दास महंत (उपाध्यक्ष),
विक्रम दास मानिकपुरी (सचिव),
कु. भारती महंत (सचिव),
सोनादास मानिकपुरी (सहसचिव),
विमल दास मानिकपुरी (कोषाध्यक्ष) शामिल हैं।
✦ समाज में खुशी की लहर, महिलाओं में नया उत्साह ✦
सुचित्रा मानिकपुरी की इस ऐतिहासिक जीत को कोरबा जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनकी सफलता ने न केवल पनिका समाज बल्कि प्रदेश की महिलाओं को भी एक मजबूत संदेश दिया है कि सामाजिक सेवा, समर्पण और नेतृत्व क्षमता से कोई भी ऊंचाई हासिल की जा सकती है।
समाज के वरिष्ठ जनों और पदाधिकारियों ने उनकी जीत पर बधाई देते हुए विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में पनिका समाज नई ऊंचाइयों को छुएगा और महिलाओं के सशक्तिकरण को और अधिक बल मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.