April 17, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा में नारी शक्ति का ऐतिहासिक उत्सव: 33% आरक्षण के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, महिलाओं ने दिखाई अभूतपूर्व एकजुटता

 

मानव श्रृंखला और हस्ताक्षर अभियान से गूंजा सशक्तिकरण का संदेश, मातृशक्ति ने प्रधानमंत्री के निर्णय को बताया ऐतिहासिक

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**कोरबा, 16 अप्रैल 2026
नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के स्वागत में आज कोरबा शहर के टी.पी. नगर स्थित राजीव गांधी ऑडिटोरियम में भव्य, गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित मातृशक्ति ने लोकसभा एवं विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किए जाने के प्रावधान का जोरदार स्वागत करते हुए देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष ऊंचाई प्रदान की। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया, जिसके पश्चात पूरे सभागार में देशभक्ति और नारी शक्ति के सम्मान का वातावरण निर्मित हो गया।
अपने प्रभावशाली उद्बोधन में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि यह दिन देश की हर महिला के लिए गर्व और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के इस निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह केवल एक कानून नहीं, बल्कि महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। उन्होंने कहा कि 33 प्रतिशत आरक्षण का यह प्रावधान महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करेगा और उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त करेगा।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान हेतु अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसी योजनाओं ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाया है और बेटियों के प्रति सोच में व्यापक परिवर्तन हुआ है। उन्होंने देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन होना नारी शक्ति की बढ़ती भूमिका का सशक्त प्रमाण है।
महापौर ने छत्तीसगढ़ सरकार की ‘महतारी वंदन योजना’ का उल्लेख करते हुए बताया कि इस योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

 

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न महिला हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, स्व सहायता समूह और स्वच्छता दीदी जैसी योजनाओं से उन्हें आर्थिक मजबूती के साथ-साथ आत्मसम्मान भी प्राप्त हुआ है। महिलाओं ने भावुकता के साथ कहा कि अब वे आत्मनिर्भर होकर समाज में सम्मानपूर्वक जीवन जी रही हैं।
इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों द्वारा महिला हित में संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रस्तुत की गई, जिससे उपस्थित महिलाओं में जागरूकता और बढ़ी।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक और प्रभावशाली क्षण तब आया, जब बड़ी संख्या में महिलाओं ने हस्ताक्षर अभियान में भाग लेकर अपनी एकजुटता प्रदर्शित की और मानव श्रृंखला बनाकर नारी सशक्तिकरण का सशक्त संदेश पूरे शहर को दिया। यह दृश्य अपने आप में महिला जागरूकता और सहभागिता का जीवंत उदाहरण बन गया।
कार्यक्रम में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, महिला अधिवक्ताएं, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित शहर की बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं, जिन्होंने इस आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.