August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

राजनीतिक वजूद बचाने के लिए जनता को गुमराह कर रहे दीपक बैज” — भाजपा की तीखी प्रतिक्रिया, किरण बघेल ने कांग्रेस पर साधा करारा निशाना

1 min read

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//**  रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि बैज अपने राजनीतिक वजूद को बचाने के लिए प्रदेश की जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के जनहितैषी कार्यों से खुशहाल है, जबकि कांग्रेस नेता इससे परेशान होकर निराधार आरोप लगा रहे हैं।
डॉ. किरण बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हर वर्ग के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। किसानों, युवाओं, महिलाओं और श्रमिकों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का किसान खुशहाल है, युवा कौशल विकास के साथ आगे बढ़ रहे हैं और महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण मिला है। इसके अलावा भूमिहीन श्रमिकों, तेंदूपत्ता संग्राहकों सहित समाज के विभिन्न वर्गों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में “लखपति दीदी” जैसी पहल के माध्यम से महिलाओं को सम्मान और आत्मनिर्भरता का अवसर मिल रहा है।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए डॉ. बघेल ने कहा कि वर्ष 2018 से 2023 तक प्रदेश में कांग्रेस सरकार के दौरान अपराधियों को संरक्षण मिला, जिससे जनता में भय का वातावरण बन गया था। किसानों को आत्महत्या तक के लिए विवश होना पड़ा, जबकि महिलाओं को शराबबंदी के नाम पर बड़ा धोखा दिया गया। बुजुर्गों और महिलाओं को पेंशन के नाम पर भी छला गया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने युवाओं को बेरोजगारी भत्ता के नाम पर चार वर्षों तक भ्रम में रखा और चुनावी वर्ष में केवल दिखावे के लिए कुछ महीनों तक राशि दी। वहीं किसानों को धान की अंतर राशि भी किस्तों में देकर उनके साथ अन्याय किया गया।
डॉ. किरण बघेल ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो रही है और बड़े-बड़े घोटालों में शामिल कई कांग्रेसी नेता जेल में हैं या बेल पर बाहर हैं। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह पार्टी हमेशा आपदा को अवसर बनाकर राजनीति करती है और जनता के बीच झूठ फैलाने का प्रयास करती है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि अब प्रदेश और देश की जनता कांग्रेस की कार्यशैली को समझ चुकी है। इसी कारण कांग्रेस आज देश में कुछ ही राज्यों तक सीमित रह गई है और आने वाले समय में उसका राजनीतिक वजूद और कमजोर होता जाएगा।
डॉ. किरण बघेल ने अंत में कहा कि भाजपा सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ रही है, और जनता का विश्वास भाजपा के साथ मजबूती से बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.