अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बालको में नारी शक्ति का सम्मान — आईजी मिलना कुर्रे ने 56 महिला कर्मचारियों को किया सम्मानित



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** बालकोनगर, 11 मार्च 2026। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) में भव्य टाउनहॉल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ की उप महानिरीक्षक पुलिस (आईजी) श्रीमती मिलना कुर्रे उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान बालको की 56 महिला कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य, समर्पण और योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
वर्ष 2008 बैच की आईपीएस अधिकारी मिलना कुर्रे ने इस अवसर पर बालको की महिला कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं ने समय के साथ यह सिद्ध कर दिया है कि कोई भी क्षेत्र उनकी क्षमता से बाहर नहीं है। चाहे बीएसएफ और सेना में सेवा देना हो या सर्वोच्च न्यायालय में न्यायाधीश के रूप में जिम्मेदारी निभाना, महिलाएं हर क्षेत्र में मजबूती और उद्देश्य के साथ नेतृत्व कर रही हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज और संस्थान की वास्तविक समृद्धि तब संभव होती है जब वहां महिलाओं का सम्मान किया जाता है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “अनस्टॉपेबल” पत्रिका के दूसरे संस्करण का लोकार्पण रहा। इस विशेष पत्रिका में बालको परिवार की 12 प्रेरणादायी महिलाओं की कहानियों को शामिल किया गया है। इसमें बताया गया है कि किस प्रकार इन महिलाओं ने अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ अपने कार्यक्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता की नई ऊंचाइयों को छुआ है और निरंतर आगे बढ़ रही हैं।
बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री राजेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि आज महिलाएं विभिन्न जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए समाज और उद्योग दोनों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि बालको ने ऐसा समावेशी कार्य वातावरण तैयार किया है, जहां सभी को समान अवसर मिलते हैं। संयंत्र के संचालन में महिलाएं अग्रणी भूमिका निभाते हुए नवाचार को आगे बढ़ा रही हैं और उनकी उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता कंपनी को विश्वस्तरीय एल्यूमिनियम निर्माण की दिशा में आगे ले जा रही है। उन्होंने कहा कि कंपनी 1 एमटीपीए क्षमता के लक्ष्य की ओर बढ़ रही है और इस यात्रा में महिलाओं का नेतृत्व एक अधिक समावेशी बालको और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कार्यस्थल में जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। इसमें भावनात्मक स्वास्थ्य पर खुलकर चर्चा को प्रोत्साहित करने के लिए मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा विशेष सत्र आयोजित किया गया। इसके अलावा बालको मेडिकल सेंटर के सहयोग से स्तन कैंसर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रारंभिक जांच के महत्व, रोकथाम, नियमित स्क्रीनिंग, चेतावनी संकेतों की पहचान और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने पर विशेष रूप से चर्चा की गई।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित सांस्कृतिक संध्या में ऊर्जा और उत्साह से भरपूर प्रस्तुतियां देखने को मिलीं। इसमें छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकनृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और नारी शक्ति को समर्पित गीतों की प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। इसके साथ ही पोस्टर-मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ‘गीव टू गेन’ थीम पर आधारित पोस्टर प्रदर्शनी में कर्मचारियों, उनके परिवारों और समुदाय के सदस्यों की रचनात्मक कलाकृतियां भी प्रदर्शित की गईं।
बालको द्वारा महिलाओं के लिए अनुकूल और समावेशी कार्यस्थल तैयार करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कंपनी महिला कर्मचारियों के लिए ‘क्रेच’ की सुविधा उपलब्ध कराती है ताकि वे अपने बच्चों की देखभाल के साथ अपने कार्य को संतुलित कर सकें। इसके अलावा महिलाओं को छह महीने का वैतनिक मातृत्व अवकाश तथा अवकाश के बाद बच्चे के छह वर्ष के होने तक प्रतिदिन 80 मिनट का नर्सिंग ब्रेक भी दिया जाता है।
कंपनी में ‘वन डे वर्क फ्रॉम होम’ नीति भी लागू है, जिसके अंतर्गत महिला कर्मचारियों को सप्ताह में एक दिन घर से कार्य करने की सुविधा मिलती है। बालको का लक्ष्य वर्ष 2030 तक महिला कर्मचारियों की भागीदारी को बढ़ाकर 30 प्रतिशत तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम ने न केवल महिला कर्मचारियों के योगदान को सम्मानित किया, बल्कि कार्यस्थल पर समानता, सम्मान और सशक्तिकरण के संदेश को भी मजबूती से आगे बढ़ाया।


