रंग पंचमी पर भाजपा उरगा मंडल में सजी रंगों की महफिल, होली मिलन समारोह में उमड़ा उत्साह — महिला कार्यकर्ताओं का सम्मान, संगठन मजबूती का लिया संकल्प



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** कोरबा। रंग पंचमी के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी उरगा मंडल द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह उत्साह, उमंग और संगठनात्मक एकता का अनूठा संगम बन गया। रंग-गुलाल की बौछार, आपसी आत्मीयता और भाईचारे के माहौल के बीच भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की बधाई दी और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

उरगा मंडल में आयोजित इस होली मिलन समारोह में कार्यकर्ता रंगों में सराबोर नजर आए। कार्यक्रम में हंसी-खुशी और सौहार्दपूर्ण वातावरण के बीच सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर रंग पंचमी की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पूरे आयोजन स्थल पर उत्सव जैसा माहौल बना रहा और कार्यकर्ताओं के बीच आत्मीय संवाद भी देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष किशन साव ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन संगठन के कार्यकर्ताओं को एक मंच पर लाकर आपसी समन्वय को मजबूत करते हैं और संगठनात्मक ऊर्जा को नई दिशा देते हैं।
इस अवसर पर नवनियुक्त अनुसूचित जाति मोर्चा मंडल अध्यक्ष चुन्नीलाल पाटिल का श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। सभी कार्यकर्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान मंडल स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। मंडल अध्यक्ष किशन साव ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण वर्ग में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आग्रह करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रशिक्षित कार्यकर्ता अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता और कार्यशैली में सकारात्मक बदलाव आता है, जिससे संगठन को नई ऊर्जा मिलती है।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर समारोह में महिला कार्यकर्ताओं का विशेष रूप से सम्मान किया गया। मंडल अध्यक्ष द्वारा महिला कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए उनके योगदान की सराहना की गई और समाज व संगठन में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।

यह आयोजन मंडल महामंत्री पवन कुमार कंवर के निवास पर आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मंडल अध्यक्ष किशन साव, भूतपूर्व मंडल अध्यक्ष अविनाश कुमार, मंडल महामंत्री पवन कुमार कंवर, संजय वैष्णव, उपाध्यक्ष गोपाल पांडे, श्रीमती पुष्पा कंवर, मंत्री जवाबाई गोंड, महिला मोर्चा की कार्यकर्ता श्रीमती सलजा रंगारी, श्रीमती भुवनेश्वरी कंवर, वृहस्पति कंवर, चन्दनबाई, अक्तिबाई, गुरुबार सिंह कंवर, भरत रंगारी, अनुसूचित जाति मोर्चा मंडल अध्यक्ष चुन्नीलाल पाटिल, दर्शन सिंह मरावी, हुलेश कुमार पाण्डेय, रीना कुमारी, अशोक कंवर, ईश्वर सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रंगों, उत्साह और संगठनात्मक एकजुटता से सराबोर इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि भाजपा कार्यकर्ता न केवल सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं को संजोए हुए हैं, बल्कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए भी निरंतर सक्रिय और प्रतिबद्ध हैं।


