August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

मुंबई में भाजपा का प्रशिक्षण महाकुंभ: किरण देव के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का 28 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल रवाना

1 min read

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//**  रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के देशव्यापी प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत मुंबई में आयोजित होने जा रही ‘पश्चिम-मध्य क्षेत्रीय कार्यशाला’ में भाग लेने हेतु छत्तीसगढ़ भाजपा का 28 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के नेतृत्व में सोमवार को मुंबई के लिए रवाना हुआ। यह कार्यशाला संगठनात्मक सुदृढ़ता, वैचारिक स्पष्टता और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस क्षेत्रीय कार्यशाला में प्रशिक्षण प्राप्त करने के पश्चात छत्तीसगढ़ लौटकर यही प्रतिनिधिमंडल प्रदेशभर में मंडल एवं जिला स्तर पर आयोजित होने वाली कार्यशालाओं में मार्गदर्शन प्रदान करेगा। इस प्रकार यह प्रशिक्षण अभियान जमीनी स्तर तक संगठन को नई ऊर्जा और दिशा देने का कार्य करेगा।
कार्यशाला में छत्तीसगढ़ से क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय की विशेष उपस्थिति रहेगी। साथ ही पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री सरोज पांडेय एवं सुश्री लता उसेंडी भी इस महत्वपूर्ण सत्र में भाग लेंगी।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी एवं डॉ. नवीन मारकण्डेय, छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, नान अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, सीजीएमएससी अध्यक्ष दीपक मस्हके, हाउसिंग बोर्ड चेयरमैन अनुराग सिंहदेव, खनिज विकास निगम अध्यक्ष सौरभ सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही, मुख्य प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पांडेय, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त सोशल मीडिया संयोजक मितुल कोठारी, प्रशिक्षण अभियान संयोजक डॉ. अवधेश जैन, प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी, शताब्दी पाण्डेय, टेकेश्वर जैन, शिवनारायण पाण्डेय, आई-सेल संयोजक सुनील पिल्लई एवं सोमेश पाण्डेय भी इस दल का हिस्सा हैं।
कार्यशाला में ‘प्रांतीय प्रशिक्षण टोली’ एवं ‘विषय प्रमुख’ विभिन्न सत्रों के माध्यम से संगठन विस्तार, सेवा कार्य, सुशासन के आयाम तथा जनसंवाद की प्रभावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा करेंगे। माना जा रहा है कि यह प्रशिक्षण अभियान आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने इसे संगठन को वैचारिक रूप से अधिक सशक्त और कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर जनसेवा के प्रति और अधिक प्रतिबद्ध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.