स्व. केशवलाल मेहता क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 की गूंज पूरे प्रदेश में: चौथे दिन एनटीपीसी, अधिवक्ता 11 और कमिश्नर 11 का दबदबा


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//**कोरबा। प्रेस क्लब कोरबा द्वारा आयोजित स्वर्गीय केशवलाल मेहता क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 के चतुर्थ दिवस रोमांच, खेल भावना और गरिमामय उपस्थिति का अद्भुत संगम देखने को मिला। दिनभर खेले गए तीन मुकाबलों में अधिवक्ता 11, एनटीपीसी और कमिश्नर 11 की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। प्रतियोगिता की बढ़ती लोकप्रियता पर भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि यह आयोजन अब केवल कोरबा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसकी गूंज पूरे प्रदेश में, खासकर राजधानी तक सुनाई देती है।
पहला मुकाबला: अधिवक्ता 11 ने 8 विकेट से दर्ज की जीत
पहला मैच कोरबा प्रेस क्लब बनाम अधिवक्ता 11 के बीच खेला गया। मुख्य अतिथि स्टेट बार मेंबर रविंद्र पाराशर रहे। विशिष्ट अतिथियों में बाल कल्याण समिति के पूर्व अध्यक्ष मनीष शर्मा, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष गणेश कुलदीप, वरिष्ठ अधिवक्ता अब्दुल रहमान, वरिष्ठ पत्रकार विकास जोशी, किशोर शर्मा, जयप्रकाश टमकोरिया एवं विश्वनाथ केडिया की गरिमामय उपस्थिति रही।

कोरबा प्रेस क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 94 रन बनाए। जवाब में अधिवक्ता 11 की टीम ने मात्र 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 8 विकेट से प्रभावशाली जीत दर्ज की।
दूसरा मुकाबला: एनटीपीसी की 51 रन से शानदार विजय
दूसरे मैच में एनटीपीसी और एसईसीएल कुसमुंडा आमने-सामने रहे। इस मैच के मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी थे। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, अजय विश्वकर्मा, नवदीप नंदा, अजय चंद्रा, रामावतार पटेल, विजय राठौर, लक्ष्य चतुर्वेदी, प्रदीप सिंह और दीपक चावड़ा उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में श्री मोदी ने स्वर्गीय केशवलाल मेहता के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता आज प्रदेशभर में चर्चित हो चुकी है। उन्होंने प्रेस क्लब के वरिष्ठ सदस्य स्व. श्रवण साहू के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें उत्कृष्ट लेखनी का धनी बताया।
मैच में एनटीपीसी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 143 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए एसईसीएल कुसमुंडा की टीम 5 विकेट पर 92 रन ही बना सकी। इस तरह एनटीपीसी ने 51 रन से जीत दर्ज की।
अंतिम मुकाबला: कमिश्नर 11 का आसान जीत
तीसरे मुकाबले में अदानी पावर और कमिश्नर 11 के बीच भिड़ंत हुई। मुख्य अतिथि नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय एवं विशिष्ट अतिथि अपर आयुक्त विनय मिश्रा रहे। आयुक्त श्री पांडेय ने कहा कि किसी आयोजन को 22 वर्षों तक निरंतर सफलतापूर्वक आयोजित करना दृढ़ इच्छाशक्ति और समर्पण का प्रमाण है। उन्होंने प्रेस क्लब के सभी सदस्यों को बधाई दी।
अदानी पावर ने निर्धारित ओवर में 9 विकेट पर 58 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए कमिश्नर 11 ने मात्र 2 विकेट खोकर मुकाबला 8 विकेट से अपने नाम कर लिया।
शोकाकुल माहौल में हुआ आयोजन
गुरुवार को प्रेस क्लब के वरिष्ठ सदस्य स्व. श्रवण साहू के निधन के कारण पूरा आयोजन शोकाकुल वातावरण में संपन्न हुआ। सभी मुकाबलों के दौरान साउंड सिस्टम बंद रखे गए। उपस्थित अतिथियों और खिलाड़ियों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। स्व. साहू के निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया गया।
प्रतियोगिता के दौरान प्रेस क्लब के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, वरिष्ठ पत्रकार, अधिवक्तागण, निगम अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित रहे। मैच में अंपायरिंग आरडी महंत, बलवीर सिंह सोढी, मानस और रामदास महंत ने की।
स्वर्गीय केशवलाल मेहता की स्मृति में आयोजित यह क्रिकेट महोत्सव अब खेल के साथ-साथ सामाजिक एकजुटता, पत्रकारिता सम्मान और सामुदायिक सहभागिता का प्रतीक बन चुका है।

