February 21, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

रायपुर) नवाचार और ‘वोकल फॉर लोकल’ से बुनकरों की बदलेगी तस्वीर — अध्यक्ष भोजराम देवांगन का संकल्प

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//**  रायपुर। छत्तीसगढ़ के बुनकरों के आर्थिक सशक्तिकरण और पारंपरिक कला के संरक्षण को नई दिशा देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ राज्य हाथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ मर्यादित की वार्षिक आमसभा 20 फरवरी को बेबीलोन कैपिटल, वीआईपी चौक रायपुर में आयोजित की गई। अध्यक्ष पद संभालने के बाद यह अध्यक्ष श्री मा. भोजराम देवांगन की पहली आमसभा थी, जिसमें रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से बुनकर समितियों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए।
प्रेरक और सकारात्मक उद्बोधन
आमसभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष भोजराम देवांगन ने नवाचार को बुनकरों की प्रगति का मूल मंत्र बताते हुए कहा कि सहकारिता के माध्यम से छत्तीसगढ़ की बुनाई परंपरा आज भी जीवंत और सशक्त है। उन्होंने कहा कि बदलते आधुनिक परिवेश और कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद राज्य के बुनकर अपनी विशिष्ट पहचान बनाए रखने में सफल रहे हैं।
उन्होंने बुनकरों को समाज का संस्कार निर्माता बताते हुए कहा कि बुनकर केवल धागों का शिल्पी नहीं, बल्कि संस्कृति और मर्यादा का वाहक है। उसके द्वारा बुना गया वस्त्र हर घर में पहुंचकर सम्मान और गौरव का अनुभव कराता है। वस्त्र केवल तन ढकने का साधन नहीं, बल्कि संस्कृति और स्वाभिमान का प्रतीक है।

 

 

अध्यक्ष ने कहा कि आर्थिक स्वराज, स्वाभिमान और स्वदेशी जागरण की भावना आज ‘वोकल फॉर लोकल’ के रूप में नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य हाथकरघा संघ इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभाएगा।
निफ्ट डिज़ाइनर और मार्केटिंग एक्सपर्ट की सेवाएं लेने की पहल
भोजराम देवांगन ने घोषणा की कि संघ के माध्यम से राज्य के पारंपरिक एवं सांस्कृतिक वस्त्रों का उत्पादन बढ़ाकर उन्हें जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए निफ्ट डिज़ाइनर एवं मार्केटिंग विशेषज्ञों की सेवाएं लेकर मूल्य संवर्धित (वेल्यू एडेड) वस्त्रों के उत्पादन को प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे विपणन में वृद्धि होगी और बुनकरों की आय में सकारात्मक परिवर्तन आएगा।
उन्होंने कहा कि संघ का मुख्य लक्ष्य बुनकरों के रोजगार में निरंतर वृद्धि करना और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाना है। आमसभा के अवसर पर उन्होंने सभी बुनकरों को बधाई देते हुए उनके हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
बुनकरों की समस्याओं पर गंभीर चर्चा
आमसभा के दौरान विभिन्न जिलों से आए बुनकरों ने अपनी समस्याओं और सुझावों को विस्तार से रखा। अध्यक्ष ने सभी मुद्दों पर गंभीरता से सुनवाई करते हुए त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया। इससे बुनकर समुदाय में नई उम्मीद और विश्वास का संचार हुआ।
भिंडी और भाजी के रेशे से धागा: नवाचार की मिसाल
इस अवसर पर अध्यक्ष ने चांपा के एक बुनकर का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्होंने भिंडी और भाजी के रेशे से धागा तैयार कर अभिनव प्रयोग किया है। इस अनूठे नवाचार के लिए उन्हें भारत सरकार से लाखों रुपये का अनुदान भी प्राप्त हो रहा है। उन्होंने बुनकरों से आह्वान किया कि वे भी ऐसे नए प्रयोग करें, जिससे न केवल छत्तीसगढ़ की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त होगी, बल्कि उनका जीवन स्तर भी बेहतर होगा।
कार्यक्रम में भाजपा बुनकर प्रकोष्ठ के सह-संयोजक नरेन्द्र देवांगन सहित विभिन्न बुनकर समितियों के प्रतिनिधि अध्यक्ष और सदस्य उपस्थित रहे।
वार्षिक आमसभा में नवाचार, आधुनिक विपणन और सांस्कृतिक गौरव के संगम ने बुनकरों के भविष्य को नई दिशा देने का मजबूत संदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.