स्व. केशव लाल मेहता स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबला : एसपी 11 की दमदार जीत, डॉ. सहारे बोले– मैदान में उतरने वाला हर खिलाड़ी असली विजेता


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****//** कोरबा। खेल भावना, उत्साह और रोमांच से सराबोर वातावरण के बीच निहारिका क्षेत्र स्थित घंटाघर ओपन ऑडिटोरियम मैदान में आयोजित स्वर्गीय केशव लाल मेहता स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 के तृतीय दिवस एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। एसपी 11 और मेडिकल कॉलेज की टीम के बीच खेले गए मैच में एसपी 11 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 32 रन से जीत दर्ज की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. के.के. सहारे रहे। विशिष्ट अतिथियों में मेडिकल कॉलेज के सीएस डॉ. गोपाल कंवर, अस्पताल अधीक्षक डॉ. रविकांत जाटवर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर तथा नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
“हार-जीत खेल का हिस्सा, मैदान में उतरने वाला हर खिलाड़ी विजेता”
अपने प्रेरक उद्बोधन में डॉ. सहारे ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल में हार-जीत तो चलती रहती है, लेकिन असली विजेता वह है जो पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरता है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच का भी प्रतीक है।
उन्होंने प्रेस क्लब कोरबा द्वारा वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय केशव लाल मेहता की स्मृति में आयोजित इस प्रतियोगिता की सराहना करते हुए इसे समाज और खेल जगत के लिए प्रेरणादायक पहल बताया। विशिष्ट अतिथियों ने भी कहा कि प्रेस क्लब कोरबा द्वारा लगातार 22वें वर्ष इस आयोजन का सफल संचालन किया जाना सराहनीय है और पूरा प्रेस क्लब परिवार बधाई का पात्र है।
एसपी 11 की सधी हुई बल्लेबाजी और घातक गेंदबाजी
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए एसपी 11 की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 113 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेडिकल कॉलेज की टीम निर्धारित 10 ओवर में 6 विकेट खोकर 81 रन ही बना सकी और 32 रन से मुकाबला गंवा बैठी।
एसपी 11 की ओर से इरफान खान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मात्र 7 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें “मैन ऑफ द मैच” के खिताब से नवाजा गया।
दर्शकों से खचाखच भरा मैदान
घंटाघर ओपन ऑडिटोरियम मैदान क्रिकेट प्रेमियों से खचाखच भरा रहा। पूरे मैच के दौरान दर्शकों का उत्साह चरम पर था और हर चौके-छक्के पर तालियों की गूंज सुनाई देती रही।
कार्यक्रम में प्रेस क्लब कोरबा के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, प्रेस क्लब सदस्य, पत्रकारबंधु एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता ने न केवल खेल भावना को प्रोत्साहित किया, बल्कि शहर में आपसी भाईचारे और उत्साह का वातावरण भी निर्मित किया।

