August 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

संयुक्त मोर्चा बैठक में संगठन को धार देने का संकल्प, ‘चौपाल से जन-जन’ तक पहुंचेगा भाजपा का संदेश : किरण देव

1 min read

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//** रायपुर,16 फरवरी 2026
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा है कि भाजपा एक जीवंत, गतिशील और निरंतर सक्रिय रहने वाला संगठन है, जो केवल चुनावी समय में नहीं बल्कि वर्षभर जनसेवा और संगठन विस्तार के कार्यों में संलग्न रहता है। सोमवार को राजधानी रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में पार्टी के सभी सात मोर्चों की प्रदेशस्तरीय संयुक्त बैठक के पश्चात पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने यह बात कही।
प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने बताया कि सातों मोर्चों के गठन के बाद यह पहली महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक थी, जिसमें जिला स्तर से लेकर मंडल और बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय और प्रभावी बनाने की रणनीति पर व्यापक मंथन किया गया। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, जनसंपर्क अभियान और सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।
‘कार्यकर्ता से आगे, अब सीधे जनता तक संवाद’
श्री देव ने स्पष्ट किया कि पार्टी के कार्यक्रमों और सरकार की योजनाओं को केवल कार्यकर्ताओं तक सीमित रखने के बजाय आम जनता तक सीधे पहुँचाने पर विशेष बल दिया गया है। इसके लिए प्रदेशभर में ‘चौपाल’ आधारित संवाद अभियान चलाया जाएगा, जिसके माध्यम से गांव-गांव और वार्ड-वार्ड में जनसंवाद स्थापित किया जाएगा।

 

 

उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत-जी राम जी’ जैसे अभियानों के जरिए केंद्र और राज्य सरकार के बजट में किए गए जनहितैषी प्रावधानों, विकास योजनाओं और कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी। बजट और विकास पर केंद्रित विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को यह बताया जाएगा कि किस प्रकार सरकार की नीतियां समाज के हर वर्ग—किसान, युवा, महिला, श्रमिक और व्यापारियों—के लिए लाभकारी हैं।
मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ का संकल्प
प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा संचालित लोक-कल्याणकारी योजनाओं और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को जमीनी स्तर तक पहुंचाना भाजपा का प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सातों मोर्चे एक सेतु की तरह कार्य करते हुए सरकार और जनता के बीच प्रभावी संवाद स्थापित करेंगे, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सुगमता से पहुंचे और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो।
बैठक में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। दोनों वरिष्ठ नेताओं ने संगठन की मजबूती, अनुशासन और जनसेवा के संकल्प को और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया।
बूथ से प्रदेश तक मजबूती का रोडमैप
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि बूथ स्तर ही संगठन की वास्तविक शक्ति है। मंडल और जिला इकाइयों को अधिक सक्रिय, जवाबदेह और परिणाममुखी बनाने के लिए ठोस रणनीति तैयार की गई है। सातों मोर्चों को अपने-अपने सामाजिक वर्गों के बीच लगातार संपर्क, संवाद और संगठन विस्तार की जिम्मेदारी दी गई है।
अंत में श्री देव ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी मोर्चे समन्वय और सामंजस्य के साथ कार्य करते हुए भाजपा को और अधिक सशक्त बनाएंगे तथा सरकार की नीतियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाकर विकास की गति को और तेज करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.